By एकता | Aug 27, 2023
अभिनेता विजय वर्मा आज बॉलीवुड फिल्म इंडस्ट्री के सबसे बेहतरीन और उमदा कलाकारों में गिने जाते हैं। पिछले कुछ सालों में, उन्होंने एक से बढ़कर एक बेहतरीन फिल्मों और वेब सीरीज में दमदार अभिनय का लोहा मनवाया है। हर एक प्रोजेक्ट में अभिनेता ने तारीफ के काबिल अभिनय किया और इसी के दम पर वह लोगों के दिलों में अपनी एक अलग पहचान बनाने में कामयाब हुए। हजारों कलाकारों के बीच फिल्म इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बनाना विजय के लिए आसान नहीं था। लेकिन तमाम मुश्किलों से लड़कर उन्होंने वो हासिल किया जो वह करना चाहते थे। बॉलीवुड में करियर बनाने के लिए अभिनेता को अपने परिवार से लड़ना पड़ा। यहाँ तक कि उन्हें घर से भागना भी पड़ा। इसकी वजह से उनके पिता ने उनसे बात करनी बंद कर दी। इन सब बातों का खुलासा विजय ने हाल ही में एक इंटरव्यू में किया है, जो काफी चर्चा में बना हुआ है।
इस बातचीत में विजय ने खुलासा किया कि घर से भाग जाने एक बाद उनके पिता ने लगभग 7-8 साल तक उनसे बात नहीं की। विजय ने बताया, 'वह चाहते थे कि मैं हैदराबाद में उनके हस्तशिल्प व्यवसाय में शामिल हो जाऊं और मैं कुछ भी करना चाहता था लेकिन उनके साथ काम नहीं करना चाहता था। तो, यहीं से संघर्ष शुरू हुआ, और वह भी अपने रुख को लेकर मजबूत थे और मैं अपने रुख के लिए लड़ रहा था। यह वर्षों तक चलता रहा जब तक कि मैंने तय नहीं कर लिया कि 'मुझे नहीं लगता कि यह आदमी वह चाहता है जो मेरे लिए अच्छा है', फिर मैं घर से भाग गया, और फिर 7-8 साल तक कोई बात नहीं हुई।'