By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 22, 2026
(अभिषेक सोनकर) न्हा ट्रांग (वियतनाम), 22 नवंबर वियतनाम की वाहन कंपनी विनफास्ट तेजी से बढ़ते भारतीय इलेक्ट्रिक वाहन बाजार में अपनी मौजूदगी बढ़ाने की योजना के तहत 2027 में इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन खंड में उतरने की तैयारी कर रही है। कंपनी तमिलनाडु के तूतीकोरिन स्थित अपने संयंत्र में दोपहिया वाहनों का भी उत्पादन करेगी। इसके अलावा, कंपनी भारत में बैटरी से चलने वाली दो नई चार पहिया गाड़ियां पेश करने की योजना बना रही है।
इसका उद्देश्य खासकर पहली बार वाहन खरीदने वालों के बीच कॉम्पैक्ट एसयूवी की बढ़ती मांग का लाभ उठाना है। विनफास्ट भारत में फिलहाल चार इलेक्ट्रिक कार मॉडल- वीएफ 6, वीएफ 7, वीएफ एमपीवी 7 और लिमो ग्रीन बेचती है। कंपनी के अधिकारियों ने पीटीआई-भाषा से बातचीत में कहा कि भारत में इलेक्ट्रिक दोपहिया और चार पहिया वाहनों की मांग बढ़ रही है और कंपनी की योजना 2030 तक इस बाजार में अच्छी हिस्सेदारी हासिल करने की है।
विनफास्ट एशिया में चार पहिया वाहन कारोबार के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) तपन घोष ने कहा कि कंपनी अगले साल की शुरुआत में भारतीय बाजार में वीएफ 5 पेश करने की तैयारी कर रही है। उन्होंने कहा कि पहली बार वाहन खरीदने वालों सहित ग्राहकों की पसंद अब कॉम्पैक्ट एसयूवी की ओर बढ़ रही है। घोष ने कहा कि ग्राहक 1,000 सीसी या इससे कम क्षमता वाले इंजन की शुरुआती हैचबैक कार के मुकाबले कुछ अधिक शक्तिशाली विकल्प चाहते हैं।
घोष ने कहा कि विनफास्ट की हर साल भारत में कम से कम दो कार मॉडल पेश करने और तूतीकोरिन संयंत्र की सालाना 50,000 इकाइयों की उत्पादन क्षमता का पूरा इस्तेमाल करने की योजना है। उन्होंने कहा कि कंपनी भारत स्थित संयंत्र से अन्य एशियाई बाजारों की मांग भी पूरी करना चाहती है। इस संयंत्र की क्षमता बढ़ाकर सालाना 1.5 लाख चार पहिया वाहन तक की जा सकती है।
स्थानीय स्तर पर कलपुर्जों की खरीद के बारे में पूछे जाने पर घोष ने कहा, फिलहाल हम 15 प्रतिशत कलपुर्जे स्थानीय स्तर पर खरीद रहे हैं और इसे दोगुना करने की योजना है। उन्होंने कहा कि करीब एक साल पहले भारत में कारोबार शुरू करने वाली विनफास्ट की बिक्री शुरुआती दौर में 500 इकाई प्रति माह से बढ़कर अब 2,500-3,000 इकाई प्रति माह हो गई है। विनफास्ट इंडिया में दोपहिया कारोबार के बाजार मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) अनुराग सक्सेना ने कहा कि कंपनी के तूतीकोरिन संयंत्र में दोपहिया वाहनों के उत्पादन के लिए एक उत्पादन लाइन भी लगाई जा चुकी है।
उन्होंने कहा, इसमें कोई संदेह नहीं है कि यह तेजी से बढ़ता हुआ खंड है। हम इसका हिस्सा बनना चाहते हैं। हम 2027 की पहली छमाही में ही दो मॉडल पेश करेंगे।
सक्सेना ने कहा कि कंपनी भारतीय इलेक्ट्रिक दोपहिया बाजार का अध्ययन कर रही है और इसके आधार पर शुरुआत में बैटरी से चलने वाले स्कूटर पेश करने की योजना है। इनकी एक बार चार्ज करने पर चलने की न्यूनतम दूरी तय की जाएगी। हालांकि, उन्होंने इसकी कोई निश्चित संख्या नहीं बताई।
उन्होंने कहा कि इन वाहनों में बैटरी बदलने की सुविधा भी हो सकती है। कंपनी विभिन्न शहरों में डीलरशिप के लिए समझौते कर रही है और इनके परीक्षण अंतिम चरण में हैं। निवेश के बारे में अधिकारियों ने कहा कि विनग्रुप अब तक भारत में 50 करोड़ अमेरिकी डॉलर का निवेश कर चुका है और उसकी विभिन्न क्षेत्रों में दो अरब अमेरिकी डॉलर निवेश करने की योजना है।
इसमें चार्जिंग स्टेशन स्थापित करना भी शामिल है।