By अभिनय आकाश | Jul 20, 2026
संसद मार्ग के पास प्रदर्शनकारियों को हटाते समय दिल्ली पुलिस के कुछ जवान घायल हो गए। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के सदस्य कथित NEET परीक्षा पेपर लीक के विरोध में संसद की ओर मार्च करने की कोशिश कर रहे थे। दिल्ली पुलिस के एक सब-इंस्पेक्टर ने कहा, "हम बैरिकेड्स के पास खड़े थे, तभी उन्होंने (प्रदर्शनकारियों ने) हम पर पत्थर फेंके। दिल्ली पुलिस ने कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के उन दावों को खारिज कर दिया कि पार्टी के 'संसद चलो' विरोध प्रदर्शन के दौरान उसके संस्थापक अभिजीत दिपके को हिरासत में लिया गया था। पुलिस ने इन आरोपों को "पूरी तरह से झूठा" बताया और कहा कि वे मंच पर मौजूद थे। एक्स पर एक पोस्ट में दिल्ली पुलिस के आधिकारिक अकाउंट ने लिखा, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर ऐसी भ्रामक खबरें फैल रही हैं जिनमें दावा किया गया है कि अभिजीत दिपके को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। आधिकारिक तौर पर यह स्पष्ट किया जाता है कि ये आरोप पूरी तरह से झूठे हैं और वे मंच पर मौजूद हैं।
सरकार के कदमों पर कड़ी नाराज़गी ज़ाहिर करते हुए खड़गे ने कहा, छात्रों पर लाठीचार्ज लोकतंत्र पर हमला है। यह सरकार सत्ता में बने रहने के लायक नहीं है। उन्होंने आगे कहा हमने (अयोध्या राम मंदिर में) दान की चोरी का मुद्दा भी उठाया है। मोदी साहब को ज़िम्मेदारी लेनी चाहिए क्योंकि ट्रस्ट उन्होंने ही बनाया था। पत्रकारों से बात करते हुए, कांग्रेस नेता ने श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट से जुड़ी वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से जवाबदेही की भी मांग की।