By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Apr 01, 2019
दुबई।ऑस्ट्रेलिया में पहली बार टेस्ट श्रृंखला में जीत का स्वाद चखने वाली भारतीय टीम लगातार तीसरे साल आईसीसी टेस्ट चैम्पियन को दी जाने वाली मेस (गदा) अपने पास बरकरार रखने में सफल रही। इसके साथ ही टीम को ईनाम के तौर पर दस लाख डॉलर दिये जाएंगे।आईसीसी के बयान के मुताबिक भारतीय टीम एक अप्रैल की कटऑफ तारीख को टेस्ट रैंकिंग में शीर्ष पर रही जबकि न्यूजीलैंड दूसरे स्थान पर रहा।भारतीय टेस्ट टीम के कप्तान विराट कोहली ने कहा, ‘‘आईसीसी टेस्ट चैम्पियनशिप मेस को एक बार फिर अपने पास बरकरार रखने पर हम काफी गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। हमारी टीम अलग-अलग प्रारूपों में अच्छा प्रदर्शन कर रही है लेकिन टेस्ट रैंकिंग में शीर्ष पर रहने से हमें अधिक खुशी हो रही है।’’
इसे भी पढ़ें: पहली जीत के इरादे से आमने सामने होंगे RCB और RR
कोहली ने कहा, ‘‘हमारी टीम में बहुत गहराई है और मुझे यकीन है कि इस साल के अंत में आईसीसी विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप शुरू होने के बाद भी हमारा अच्छा प्रदर्शन जारी रहेगा। हमें इसके शुरू होने का इंतजार है क्योंकि इससे टेस्ट मैच को ज्यादा महत्व मिलेगा।’’न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन ने कहा, ‘‘ टेस्ट रैंकिंग में टीम का दूसरा स्थान हासिल करना हमारी टीम के लिए शानदार उपलब्धि है । एक टीम के रूप में हमें बहुत गर्व होना चाहिए। यह मैदान पर केवल ग्यारह खिलाड़ियों द्वारा नहीं, बल्कि पूरी टीम और सहयोगी स्टाफ की मेहनत और लगन का नतीजा है।’’
इसे भी पढ़ें: बेयरस्टा और वार्नर ने खेले तूफानी शतक, SRH ने RCB को 118 रन से रौंदा
आईसीसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मनु साहनी ने भारतीय टीम को बधाई देने के साथ टेस्ट क्रिकेट के महत्व को बताते हुए कहा कि विश्व कप के बाद वह विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप के शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं।उन्होंने कहा, ‘‘ मैं भारत को आईसीसी टेस्ट चैम्पियनशिप गदा को बरकरार रखने के लिए बधाई देता है और विराट कोहली की टीम ने पिछले कुछ वर्षों में विभिन्न प्रारूपों में शानदार प्रदर्शन किया है।’’विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप के खिताब के लिए नौ देश 27 श्रृंखलाओं में 71 टेस्ट मैच खेलेंगे। इसका फाइनल 2021 में खेला जाएगा जिससे चैम्पियन का चयन होगा।