ICC टी-20 रैंकिंगः एक पायदान लुढ़क पांचवें स्थान पर खिसके विराट कोहली

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Oct 27, 2021

दुबई। भारतीय कप्तान विराट कोहली यहां चल रहे टी20 विश्व कप में पाकिस्तान के खिलाफ अर्धशतक बनाने के बावजूद बुधवार को जारी आईसीसी पुरूष टी20 अंतरराष्ट्रीय बल्लेबाजी रैंकिंग में एक पायदान नीचे पांचवें स्थान पर खिसक गये जबकि उनके साथी केएल राहुल को दो पायदान का नुकसान हुआ और वह आठवें नंबर पर लुढ़क गये हैं। भारत को हालांकि पाकिस्तान के खिलाफ रविवार को हुए सुपर 12 के मुकाबले में 10 विकेट से करारी हार झेलनी पड़ी थी लेकिन कोहली (725 रेटिंग अंक) ने इसमें 49 गेंद में 57 रन की अर्धशतकीय पारी खेली थी जबकि राहुल (684) ने तीन रन बनाये थे। पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान तीन पायदान के फायदे से चौथे स्थान पर पहुंच गये हैं जो उनके करियर की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग हैं।

इसे भी पढ़ें: मुश्ताक अली ट्राफी के लिये टीम में शामिल मुंबई के चार खिलाड़ी कोविड पॉजिटिव

बांग्लादेश के स्पिनर महेदी हसन लगातार कसी हुई गेंदबाजी करने से नौ पायदान का लाभ हासिल कर करियर के सर्वश्रेष्ठ 12वें स्थान पर पहुंच गये। भारत के खिलाफ 10 विकेट की यादगार जीत में चमके पाकिस्तान के तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी अपने 31 रन में तीन विकेट चटकाने के प्रदर्शन से 11 पायदान का फायदा हासिल करने में कामयाब रहे जिससे वह 12वें स्थान पर पहुंच गये। वह अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग से सिर्फ दो स्थान पीछे हैं। हारिस रऊफ ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 22 रन देकर चार विकेट चटकाकर पाकिस्तान को लगातार दूसरी जीत दिलाने में अहम भूमिका अदा की थी और इस प्रदर्शन से उन्हें 34 पायदान का फायदा मिला जिससे वह करियर के सर्वश्रेष्ठ 17वें स्थान पर पहुंच गये। बांग्लादेश के स्टार शाकिब अल हसन ने आल राउंडर खिलाड़ियों की सूची में अपना शीर्ष स्थान कायम रखा है।

प्रमुख खबरें

Iran ने अमेरिका के सामने रखीं 7 शर्तें, अब Trump के जवाब का इंतजार

चंडीगढ़ में आयोजित Rodrigues Memorial Seminar में सैन्य विशेषज्ञों ने आर्टिलरी के आधुनिकीकरण पर मंथन किया

राहुल गांधी के मंच पर कॉमेडी, फिर नोएडा शो कैंसल... Pulkit Mani बोले- अंडरग्राउंड होने का समय आ गया

Bigg Boss 20 में ट्रोलर्स पर भड़के Salman Khan, Varun Dhawan और David Dhawan ने किया सपोर्ट