By एकता | Sep 17, 2026
रियलिटी शो ‘राइज एंड फॉल 2’ एक बार फिर दर्शकों के बीच सत्ता, रणनीति और मुकाबले का नया खेल लेकर लौटने वाला है। इस बार शो की कमान क्रिकेट के दिग्गज वीरेंद्र सहवाग के हाथों में होगी। पिछले कुछ दिनों से शो में शामिल होने वाले कंटेस्टेंट्स के नामों को लेकर काफी चर्चा चल रही थी। अब मेकर्स ने कुछ नामों को लेकर तस्वीर काफी हद तक साफ कर दी है। टीवी और बॉलीवुड से जुड़े कई चर्चित चेहरे इस सीजन का हिस्सा बन सकते हैं, जिससे शो में खूब ड्रामा देखने को मिल सकता है।
‘राइज एंड फॉल 2’ में स्वरा भास्कर और करण पटेल की एंट्री की खबर ने सबसे ज्यादा ध्यान खींचा है। इसके अलावा प्रियंका चाहर चौधरी और शहजाद पूनावाला के नाम भी सामने आए हैं। वीरेंद्र सहवाग ने एक प्रोमो में इन चारों नामों की तरफ इशारा किया था। इसके बाद शो में उनकी एंट्री को लेकर चर्चा और तेज हो गई है।
‘राइज एंड फॉल 2’ में कुल 15 कंटेस्टेंट्स होंगे। बाकी कंटेस्टेंट्स के नाम आने वाले दिनों में सामने आने की उम्मीद है। शो में शामिल सभी सेलिब्रिटी कंटेस्टेंट्स को 42 दिनों तक टावर और बेसमेंट में रहना होगा। इस दौरान वे एक-दूसरे के खिलाफ मुकाबला करेंगे और पावर गेम के जरिए आगे बढ़ने की कोशिश करेंगे। इस पूरे गेम का मकसद आखिर में पावर गेम के जरिए शो का सबसे बड़ा शासक बनना होगा।
‘राइज एंड फॉल 2’ वीरेंद्र सहवाग के लिए भी खास होने वाला है। वह पहली बार किसी रियलिटी शो को होस्ट करते नजर आएंगे। इससे पहले शो के पहले सीजन की मेजबानी अशनीर ग्रोवर ने की थी। अब दूसरे सीजन में वीरेंद्र सहवाग की एंट्री ने शो को लेकर दर्शकों की दिलचस्पी बढ़ा दी है।
इंडिया फोरम्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक, टीवी एक्टर्स गौतमी कपूर, रोहित रॉय और रोनित रॉय को कथित तौर पर ‘राइज एंड फॉल 2’ के लिए अप्रोच किया गया है। हालांकि, इन तीनों नामों को लेकर अभी तक मेकर्स की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इसलिए फिलहाल इन्हें शो के संभावित कंटेस्टेंट्स के तौर पर ही देखा जा रहा है।
जैसे-जैसे शो की शुरुआत करीब आएगी, बाकी कंटेस्टेंट्स के नाम भी सामने आने की उम्मीद है। अब देखना होगा कि इस सीजन में कौन-कौन से चेहरे सत्ता और पावर के इस गेम में अपनी जगह बना पाते हैं।