Visakhapatnam के निजी School में छह वर्षीय छात्र की मौत, शिक्षिका पर मारपीट का आरोप

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Aug 21, 2026

आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में एक निजी स्कूल की कक्षा में अध्यापिका द्वारा कथित तौर पर थप्पड़ मारे जाने के बाद छह वर्षीय एक बच्चे की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में नजर आ रहा है कि किंडरगार्टन का छात्र हाथ में स्लेट लिए अध्यापिका की मेज के पास कतार में खड़ा है और उसका गृहकार्य जांचा जा रहा है।

इसके बाद अध्यापिका उसे होश में लाने की कोशिश करती दिखाई दे रही है। इस घटना के बाद स्कूल के कर्मचारी और अन्य लोग कक्षा में पहुंचे तथा बच्चे को अस्पताल ले गए जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बच्चे के परिवार के सदस्यों ने इस घटना के विरोध में प्रदर्शन किया और आरोप लगाया कि कथित मारपीट के बाद अत्यधिक घबराहट एवं तनाव के कारण बच्चा बेहोश होकर गिर पड़ा जिससे उसकी मौत हो गई।

पुलिस के एक अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘अध्यापिका द्वारा कथित तौर पर मारे जाने के बाद बच्चा कक्षा में बेहोश होकर गिर पड़ा और बाद में उसकी मौत हो गई।’’ आंध्र प्रदेश के शिक्षा मंत्री नारा लोकेश ने कहा कि अध्यापिका द्वारा कथित तौर पर मारे जाने के बाद छह वर्षीय बच्चे की मौत की घटना बेहद दुखद है। उन्होंने कहा कि इसके लिए जिम्मेदार लोगों और संबंधित स्कूल प्रबंधन के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। लोकेश ने बच्चे के माता-पिता के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और उनसे हिम्मत बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि उन्हें हुई क्षति की भरपाई कोई नहीं कर सकता।

उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘हमारी सरकार हर संभव तरीके से आपके साथ खड़ी रहेगी।’’ इस बीच, स्कूल शिक्षा विभाग ने कहा कि यह घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण एवं दुखद है और सरकार इसे बहुत गंभीरता से ले रही है। विभाग ने बृहस्पतिवार देर रात जारी एक विज्ञप्ति में कहा, ‘‘घटना के तुरंत बाद संबंधित स्कूल शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने जांच की और प्रारंभिक रिपोर्ट सौंपी। प्रारंभिक रिपोर्ट के आधार पर तथ्यों की विस्तृत जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित की गई है।’’ समिति में विशाखापत्तनम के क्षेत्रीय संयुक्त निदेशक (आरजेडी), जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) और राजस्व मंडल अधिकारी (आरडीओ) शामिल हैं।

विभाग ने कहा कि इस संबंध में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के लिए भी कदम उठाए जा रहे हैं ताकि शिक्षक छात्रों के साथ संवेदनशीलता, जिम्मेदारी और मानवीय दृष्टिकोण से पेश आएं। इस मामले में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की संदिग्ध मौत से संबंधित धारा 194 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि पिता ने बच्चे को ‘‘शांत, संकोची और बहुत जल्दी डर जाने वाला’’ बताया।

पुलिस ने बताया, ‘‘स्कूल के सीसीटीवी फुटेज की जांच में सामने आया कि शिक्षक के डांटने के दौरान बच्चा अचानक गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई।’’ बच्चे के एक रिश्तेदार ने बताया कि छह वर्षीय बच्चा संवेदनशील स्वभाव का था और शिक्षक को अन्य बच्चों को मारते-डांटते देखकर डर गया था। रिश्तेदार के अनुसार, जब शिक्षक ने उसे बुलाया, तब वह पहले से ही काफी डरा हुआ था। पुलिस ने बताया कि रिश्तेदार के अनुसार, जब शिक्षक ने बच्चे से गृहकार्य के बारे में पूछा तो उसने कथित तौर पर आक्रामक लहजे में बात की और बच्चे के कपड़े पकड़कर उसे अपनी ओर खींचा, जिससे उसका डर और तनाव बढ़ गया।

रिश्तेदार ने ‘पीटीआई-भाषा’ से घटना के वीडियो का हवाला देते हुए कहा, ‘‘वीडियो में शिक्षक के आचरण में 100 प्रतिशत गलती नजर आती है।’’ उन्होंने कहा कि परिवार गहरे सदमे में है और उसने घटना को लेकर अभी कोई स्पष्ट रुख नहीं अपनाया है। रिश्तेदार ने कहा कि मामले को लेकर फैल रही अफवाहों ने परिवार की परेशानी और बढ़ा दी है। रिश्तेदार ने कहा, ‘‘ऐसी अफवाहें हैं कि मामले को निपटाने के लिए स्कूल ने परिवार को पैसे दिए हैं, लेकिन परिवार ने कोई पैसा नहीं लिया है।’’ परिवार के एक सदस्य ने कहा कि ऐसी अफवाहों से परिवार की परेशानी और बढ़ रही है, जबकि वह पहले से ही बच्चे की मौत के सदमे में है।

उन्होंने कहा कि स्कूल प्रबंधन ने शिक्षक के खिलाफ कथित तौर पर कार्रवाई किए जाने की बात कही है लेकिन परिवार को इसके बारे में विस्तृत जानकारी नहीं है। रिश्तेदार ने कहा कि अब इस मामले को सरकार और उच्च अधिकारियों को देखना चाहिए तथा उचित कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस परिवार के पास गई थी और पूरी जानकारी दिए बिना कुछ दस्तावेजों पर उनके हस्ताक्षर करा लिए।

रिश्तेदार ने कहा, ‘‘परिवार ने न तो कोई पैसा लिया है और न ही कुछ गलत किया है। वे अभी तक बच्चे को खोने के सदमे से उबर नहीं पाए हैं।

प्रमुख खबरें

CM Devendra Fadnavis ने दिए केंद्र प्रायोजित योजनाओं के 95% फंड खर्च करने के निर्देश

Cristiano Ronaldo की Al-Nassr में वापसी, पहले मुकाबले में खेलने को लेकर कोच एंजे पोस्टेकोग्लू ने दिया बड़ा संकेत

Madhur Knit Crafts IPO 24 अगस्त को खुलेगा, 95 से 100 रुपये तय हुआ प्राइस बैंड

Gujarat के Bhavnagar में जहरीली शराब से 8 लोगों की मौत, 61 बीमार