तीसरे और आखिरी चरण के साथ ही Jammu-Kashmir में खत्म हुआ मतदान का दौर, अब आठ अक्टूबर को आएंगे नतीजे

By अंकित सिंह | Oct 01, 2024

तीसरे और आखिरी चरण के मतदान के साथ ही जम्मू-कश्मीर में वोटिंग की प्रक्रिया खत्म हो चुकी है। जम्मू-कश्मीर चुनाव के नतीजे आठ अक्टूबर को आएंगे। तीसरे एवं अंतिम चरण के तहत मंगलवार को शाम पांच बजे तक 65.48 प्रतिशत मतदान हुआ। उधमपुर जिले में सबसे अधिक 72.91 प्रतिशत मतदान हुआ। इसके बाद सांबा (72.41 प्रतिशत), कठुआ (70.53 प्रतिशत), जम्मू (66.79 प्रतिशत), बांदीपुरा (63.33प्रतिशत), कुपवाड़ा (62.76 प्रतिशत) और बारामूला (55.73 प्रतिशत) का स्थान रहा। अधिकारियों ने बताया कि सभी क्षेत्रों में मतदान शांतिपूर्ण ढंग से चला और कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। 

जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव के तीसरे एवं आखिरी चरण में मंगलवार को जम्मू एवं सांबा जिलों में कई पूर्व मंत्रियों एवं उम्मीदवारों ने विभिन्न मतदान केंद्रों पर अपने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। इनमें से कई ने कहा कि चुनाव में उल्लेखनीय मतदान प्रतिशत जम्मू-कश्मीर में पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद पर लोकतंत्र की जीत है। पूर्व मंत्री एवं जम्मू उत्तर से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उम्मीदवार श्यामलाल शर्मा ने यहां वोट डालने के बाद कहा, ‘‘जम्मू-कश्मीर में लोकतंत्र की जीत हुई है। लोगों ने पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद को हराया है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हम लोग सरकार बनाएंगे और हमारी जीत लोगों के समर्थन का प्रमाण होगी। लोग जम्मू-कश्मीर में निरंतर विकास के लिए मतदान कर रहे हैं।’’ 

इसे भी पढ़ें: गोविंदा से मिलने कश्मीरा शाह अस्पताल पहुंचीं, दोनों परिवार में चल रहा था लंबे समय से झगड़ा, जानें पूरा मामला

वरिष्ठ भाजपा नेता और नगरोटा विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार देवेंद्र सिंह राणा ने भविष्यवाणी की कि जम्मू-कश्मीर में भाजपा सरकार सत्ता में आएगी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा शुरू की गई विकासात्मक पहलों को मतदाताओं के समर्थन के लिए महत्वपूर्ण बताया। भाजपा की जम्मू-कश्मीर इकाई के प्रमुख रवींद्र रैना ने कहा, ‘‘जम्मू-कश्मीर में लोकतंत्र फल-फूल रहा है, जहां लोगों ने पाकिस्तान-प्रायोजित आतंकवाद को दृढ़ता से खारिज किया है। उन्होंने कहा, ‘‘लोग शांति, विकास, प्रगति और समृद्धि के लिए मतदान कर रहे हैं। उनका वोट लोकतंत्र के लिए है, आतंकवाद के लिए नहीं।’’ 

प्रमुख खबरें

रूस की लैब में कर्मी की मौत पर WHO की रिपोर्ट, बीमारी की पुष्टि के लिए अतिरिक्त जांच जरूरी

Donald Trump का कवरेज रोकने वाले टीवी चैनलों पर US Justice Department ने शुरू की जांच

Starlink से भारतीय ग्राहकों को मिलेगा फायदा, Elon Musk ने मुकेश अंबानी के समर्थकों को घेरा

Hardik Pandya Birthday: उधार की किट से Team India के स्टार ऑलराउंडर बनने का सफर