By अभिनय आकाश | Dec 14, 2024
दक्षिण कोरिया की नेशनल असेंबली ने देश में मार्शल लॉ लागू करने के विवादास्पद प्रयास पर राजनीतिक संकट के बीच राष्ट्रपति यूं सुक येओल पर महाभियोग चलाने के लिए शनिवार को मतदान किया और उन्हें पद से निलंबित कर दिया। विपक्षी डेमोक्रेटिक पार्टी के फ्लोर नेता पार्क चान-डे ने मतदान के बाद कहा कि आज का महाभियोग लोगों की बड़ी जीत है। महाभियोग प्रस्ताव, 204 सांसदों के पक्ष में पारित हुआ, जब हजारों की संख्या में प्रदर्शनकारी सियोल में संसद भवन के बाहर एकत्र हुए, बैनर लहरा रहे थे और यून को हटाने की मांग के लिए नारे लगा रहे थे।
पिछले शनिवार को सत्तारूढ़ दल के अधिकतर सांसदों ने मतदान का बहिष्कार किया था, जिसके चलते यून को कुछ राहत मिली थी। सत्तारूढ़ पीपुल पावर पार्टी के कुछ सांसदों ने तब कहा था कि वे दूसरी बार होने वाले मतदान में भाग लेंगे। मॉर्शल लॉ लागू करने के यून के आदेश के खिलाफ दक्षिण कोरिया में प्रदर्शन तेज हो गए जबकि उनकी लोकप्रियता में भी काफी गिरावट आई है। पिछले दो सप्ताह से हर रात हजारों लोग कड़ाके की ठंड का सामना करते हुए राजधानी सियोल की सड़कों पर हैं और यून को पद से हटाने तथा गिरफ्तार करने की मांग कर रहे हैं।