By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 27, 2026
विश्व डोपिंग रोधी एजेंसी (वाडा) ने क्रिकेट को ओलंपिक में शामिल किए जाने के मद्देनजर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) को अपनी प्राथमिकता नीति के तहत पहली श्रेणी में शामिल कर दिया है, जबकि भारत उन शीर्ष देशों में बना हुआ है जिन्हें संस्था के निगरानी कार्यक्रम में सबसे कड़ी जांच का सामना करना पड़ता है। आईसीसी अब तक टियर2 पर थी, लेकिन अब उसे टियर1 में रख दिया गया है जिसमें खिलाड़ियों को अधिक कड़ी जांच से गुजरना पड़ता है। यह व्यवस्था अगले वर्ष एक जनवरी से लागू होगी।
ओलंपिक खेलों में स्क्वाश को शामिल किए जाने के कारण विश्व स्क्वाश महासंघ को भी टियर3 से टियर1 में रखा गया है। इस बीच डोपिंग के अधिक मामले पाए जाने के कारण भारत पिछले तीन वर्षों से शीर्ष श्रेणी में बना हुआ है। इस श्रेणी में कुल 50 देश शामिल हैं जिनमें अमेरिका और चीन भी हैं।
वाडा हर दो साल में स्तर (टियर) को अपडेट करेगा और इससे जुड़े देशों और खेल संघों को उनकी स्थिति में बदलाव होने पर कम से कम दो महीने का नोटिस मिलेगा।