विवादित पोस्ट मामले में Bombay HC ने पुणे की छात्रा पर दर्ज FIR की रद्द

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 27, 2026

मुंबई उच्च न्यायालय ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद एक विवादित टिप्पणी री-पोस्ट करने के लिए 20 वर्षीय इंजीनियरिंग की छात्रा के खिलाफ दर्ज आपराधिक मामला मंगलवार को रद्द कर दिया। अदालत ने कहा कि यह एक बार किया गया कृत्य था, जिसके बाद छात्रा ने स्वेच्छा से पोस्ट हटा दी और अपने कृत्य पर खेद जताया। न्यायमूर्ति मिलिंद जाधव की एकल पीठ ने कहा कि ऐसे मामलों में एक मौका दिया जाना चाहिए।

उच्च न्यायालय ने अपने आदेश में कहा कि छात्रा मूल पोस्ट की लेखक या निर्माता नहीं थी। अदालत ने कहा, “यह पोस्ट निस्संदेह विवादास्पद है और इससे नफरत भड़क सकती है। हालांकि, याचिकाकर्ता (छात्रा) की भूमिका उक्त पोस्ट को री-पोस्ट करने तक सीमित है, जो पहले से ही सोशल मीडिया मंच पर उपलब्ध थी।” न्यायमूर्ति जाधव ने कहा कि छात्रा द्वारा दोबारा साझा की गई सामग्री धर्म और धार्मिक भावनाओं से संबंधित थी, इसलिए विभिन्न धार्मिक समुदायों के लोगों वाले समाज में इस पर संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ विचार करने की जरूरत है।

आदेश में कहा गया, “प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि पोस्ट की सामग्री से धार्मिक समुदायों के बीच अशांति की आशंका पैदा हो सकती थी। हालांकि, किसी प्रकाशन से नाराजगी या असंतोष पैदा होने की महज संभावना अपने आप में आपराधिक अभियोजन के लिए पर्याप्त आधार नहीं हो सकती।” अदालत ने कहा कि केवल इसलिए आपराधिक कानून की प्रक्रिया शुरू नहीं की जा सकती कि किसी खास प्रकाशन को आपत्तिजनक माना जा रहा है। उसने कहा कि ऐसा तभी किया जा सकता है, जब संबंधित कृत्य कानून के तहत निर्धारित निषेध के दायरे में आता हो।

उच्च न्यायालय ने कहा कि छात्रा ने दो घंटे के भीतर अपनी पोस्ट हटा दी थी और सामग्री री-पोस्ट करने के लिए तुरंत सार्वजनिक रूप से खेद जताते हुए माफी भी मांगी थी। न्यायमूर्ति जाधव ने कहा कि यह ध्यान देने योग्य है कि पोस्ट हटाने का फैसला छात्रा ने खुद लिया था और ऐसा जांच एजेंसी के किसी निर्देश के कारण नहीं किया गया था। उन्होंने कहा कि यह छात्रा की ओर से धार्मिक शत्रुता को बढ़ावा देने का कोई जानबूझकर किया गया प्रयास नहीं था।

सात मई 2025 को छात्रा ने इंस्टाग्राम पर ‘रिफॉर्मिस्तान’ नामक अकाउंट से एक सामग्री री-पोस्ट की थी, जिसमें पाकिस्तान के खिलाफ युद्ध भड़काने के लिए भारत सरकार की आलोचना की गई थी। दो घंटे के भीतर उसे अपनी गलती का एहसास हुआ और धमकियों की बौछार के बाद उसने पोस्ट हटा दी। छात्रा ने अपनी कथित आपत्तिजनक पोस्ट के कारण संस्थान से अस्थायी निष्कासन के फैसले को भी चुनौती दी थी।

उसने इस कार्रवाई को “मनमाना और गैरकानूनी” बताया था। उसने अपने खिलाफ दर्ज प्राथमिकी रद्द करने का अनुरोध भी किया था। उच्च न्यायालय ने पिछले साल मई में छात्रा की गिरफ्तारी की आलोचना की थी और उसे तत्काल रिहा करने का आदेश दिया था।

प्रमुख खबरें

Delhi में 1 नवंबर को Congress का प्रदर्शन, Shivraj बोले- सत्ता के लिए फैला रहे अराजकता

Hockey India में संन्यास की अटकलें खारिज, Jarmanpreet Singh की नजर Los Angeles Olympics पर

78 साल का इतिहास... इज़राइल में कभी किसी पार्टी को नहीं मिला पूर्ण बहुमत, क्या इस चुनाव में बदलेगा पुराना इतिहास?

TASMAC का नया नियम: तमिलनाडु में 1,000 रुपये से अधिक की Liquor खरीद पर डिजिटल भुगतान अनिवार्य