By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jun 08, 2024
इस्लामाबाद। पाकिस्तान ने शुक्रवार को कहा कि वह भारत सहित सभी पड़ोसियों के साथ सहयोगात्मक संबंध और बातचीत के माध्यम से विवादों का समाधान चाहता है। नरेन्द्र मोदी के रिकॉर्ड तीसरी बार प्रधानमंत्री पद के लिए चुने जाने के बाद पाकिस्तान की यह टिप्पणी आई है। पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मुमताज जहरा बलूच ने अपनी साप्ताहिक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि भारत की ओर से आने वाली कठिनाइयों और बयानबाजी के बावजूद पाकिस्तान जिम्मेदाराना तरीके से काम कर रहा है।
भारत लगातार कहता रहा है कि वह पाकिस्तान के साथ सामान्य पड़ोसियों जैसे संबंध चाहता है लेकिन वह इस बात पर जोर देता रहा है कि इस प्रकार के संबंधों के लिए आतंकवाद और शत्रुता से मुक्त वातावरण बनाने की जिम्मेदारी इस्लामाबाद की है। बलूच ने कहा, पाकिस्तान शांति बनाये रखने में विश्वास करता है। हमें उम्मीद है कि भारत दोनों देशों की जनता के पारस्परिक लाभ के लिए शांति को बनाए रखने और वार्ता को आगे बढ़ाने तथा लंबे समय से चले आ रहे विवादों के समाधान के लिए अनुकूल वातावरण बनाने को लेकर कदम उठाएगा।