By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jan 12, 2026
भारत के ऑलराउंडर वाशिंगटन सुंदर को चोट लगने का डर है और रविवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले एकदिवसीय के दौरान मांसपेशियों में खिंचाव होने के बाद उनका स्कैन किया जाएगा।
भारत के कप्तान शुभमन गिल ने मैच के बाद पुरस्कार वितरण समारोह के दौरान कहा, ‘‘वाशिंगटन सुंदर को साइड स्ट्रेन है और मैच के बाद उनका स्कैन होगा।’’ वाशिंगटन सात रन बनाकर नाबाद रहे और लोकेश राहुल (नाबाद 29) के साथ 16 गेंद में 27 रन की अटूट साझेदारी की जिससे भारत ने लक्ष्य का पीछा करते हुए 49 ओवर में छह विकेट पर 306 रन बनाकर जीत दर्ज की।
राहुल ने कहा कि साझेदारी के दौरान उन्हें वाशिंगटन की चोट की गंभीरता के बारे में पता नहीं था। राहुल ने कहा, ‘‘मुझे नहीं पता था कि वह दौड़ नहीं सकता। मुझे पता था कि पहली पारी में उसे कुछ परेशानी थी, लेकिन मुझे इसकी गंभीरता के बारे में पता नहीं था।’’
उन्होंने कहा, ‘‘वह गेंद को बहुत अच्छी तरह से मार रहा था। जब वह आया तो हम पहले से ही लगभग एक रन प्रति गेंद की दर से रन बना रहे थे इसलिए जोखिम लेने की कोई जरूरत नहीं थी। उस पर अधिक दबाव नहीं था। उसने स्ट्राइक रोटेट की और अपना काम किया।