हार के बाद सरफराज ने माना, नब्बे के दशक में हम अच्छे थे लेकिन अब भारत बेहतर

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jun 17, 2019

मैनचेस्टर पाकिस्तान के कप्तान सरफराज अहमद ने इस बात को स्वीकार किया कि नब्बे के दशक में उनकी टीम भारत से बेहतर थी लेकिन अब हालात इसके विपरीत है। भारत से विश्व कप के मैच में मिली हार के बाद पाकिस्तानी कप्तान पर उनके देश के मीडिया ने असहज सवालों की बौछार कर दी। यह पूछने पर कि क्या इतने साल में भारत पाकिस्तान प्रतिद्वंद्विता का रोमांच खत्म हो गया है, सरफराज ने कहा कि हम दबाव का बखूबी सामना नहीं कर पा रहे। इस तरह के मैचों में दबाव का सामना करने वाली टीम जीतती है। पाकिस्तान की टीम 90 के दशक में बेहतर थी लेकिन अब भारतीय टीम हमसे अच्छी है और यही वजह है कि वे जीत रहे हैं।

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने पिच नम होने पर टास जीतकर बल्लेबाजी की सलाह दी थी लेकिन सरफराज ने पहले गेंदबाजी के अपने फैसले को सही ठहराते हुए कहा कि तीनों विभागों में नाकामी के कारण उनकी टीम हारी। सरफराज ने कहा कि पूरी टीम तीनों विभागों में अच्छा नहीं खेल पा रही है। यदि आप फील्डिंग की बात करें तो विराट कोहली ने भी कहा था किवह टास जीतकर फील्डिंग चुनते। हमने दो दिन से पिच नहीं देखी थी। उस पर नमी थी लिहाजा मैने फील्डिंग का फैसला किया लेकिन गेंदबाज अनुशासित प्रदर्शन नहीं कर सके।

भारत से हार के बाद पाकिस्तानी कप्तान से हर तरह के सवाल पूछे गए। मसलन एक पत्रकार ने कहा कि खिलाड़ियों की भाव भंगिमा इतनी नकारात्मक क्यो थी। इस पर सरफराज ने कहा कि आपने ऐसा देखा होगा लेकिन खिलाड़ियों ने अपनी ओर से पूरी कोशिश की। फील्डिंग में चूक हुई। रोहित को दो बार रन आउट किया जा सकता था। हम कर पाते तो नतीजा कुछ और होता। एक अन्य पत्रकार ने पूछा कि क्या सभी खिलाड़ी भारत के खिलाफ खेलने के लिये शारीरिक और मानसिक रूप से फिट थे? इस पर सरफराज ने कहा कि किसी के साथ कोई मसला नहीं था। इमाद वसीम को पेट संबंधी समस्या थी लेकिन बाकी सभी ने फिटनेस टेस्ट पास कर लिया था। अब हारने पर तो आप कोई भी मसला उठा सकते हैं।

इसे भी पढ़ें: खिलाड़ियों को इमरान की टिप्स, भारत के खिलाफ हार का डर छोड़कर खेलो

उन्होंने ड्रेसिंग रूम में मतभेद और मोहम्मद हफीज तथा शोएब मलिक जैसे सीनियर खिलाड़ियों के उनकी कप्तानी से खफा होने के सवालों के भी जवाब दिये। उन्होंने कहा कि ड्रेसिंग रूम के माहौल में कोई खराबी नहीं है। सभी खिलाड़ी एक दूसरे के साथ है। हफीज और शोएब को एक ओवर से अधिक नहीं देने का जहां तक सवाल है तो मुझे लगा कि उसकी जरूरत नहीं है। बल्लेबाज जम चुके थे और दोनों ने एक एक ओवर में 11 रन दे डाले थे। अब पाकिस्तान के लिये सेमीफाइनल का दावा पुख्ता करना नामुमकिन लग रहा है लेकिन सरफराज ने कहा कि वे बाकी चारों मैच जीतने की कोशिश करेंगे। उन्होंने कहा कि हमें पाजीटिव रहकर आगे के बारे में सोचना है। हम चारों मैच जीतकर वापसी करेंगे।

प्रमुख खबरें

NIA कोर्ट ने PFI के 4 सदस्यों को शशिकुमार मर्डर केस में सुनाई उम्रकैद

AIIMS Nagpur: सुरक्षा के आश्वासन के बाद रेजिडेंट डॉक्टरों की हड़ताल खत्म

Odisha School Textbooks में मिलीं 1741 गलतियां, सरकार ने पूर्व निदेशक सहित चार को किया निलंबित

S Jaishankar ने नाविकों पर हमलों को बताया अस्वीकार्य, Liberia के साथ मिलकर बनाया मित्र समूह