By अंकित सिंह | Apr 13, 2026
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 23 अप्रैल को होने वाले हैं, ऐसे में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोमवार को तंजावुर में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के नेताओं से मुलाकात की। इस दौरान डीएमके सरकार पर वार करते हुए नितिन नवीन ने कहा कि यहां की जनता एक परिवार की सरकार को उखाड़ फेंकना चाहती है। अगर किसी राज्य में भ्रष्टाचार में सबसे आगे कोई सरकार है, तो वह तमिलनाडु की डीएमके सरकार है। हम तमिलनाडु के किसानों को आश्वस्त करते हैं कि राज्य में हमारी एनडीए सरकार बनने के बाद, हम किसानों का सम्मान बहाल करने और उन्हें सशक्त बनाने के लिए काम करेंगे। मुख्यमंत्री और उनके बेटे द्वारा सनातन परंपराओं का अपमान करने पर पूरा देश शर्मिंदा है। हम अपने देवी-देवताओं के अपमान को बर्दाश्त नहीं करेंगे।
रविवार को नबीन ने विश्वास व्यक्त किया कि तमिलनाडु में अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुन्नेत्र कज़गम (AIADMK) के नेतृत्व वाला NDA, मौजूदा द्रविड़ मुन्नेत्र कज़गम (DMK) सरकार को हरा देगा। उन्होंने मौजूदा राज्य सरकार पर देश की सबसे भ्रष्ट सरकारहोने का आरोप लगाया। तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 23 अप्रैल को एक ही चरण में होंगे और मतगणना 4 मई को होगी।
मुख्य मुकाबला डीएमके के नेतृत्व वाले धर्मनिरपेक्ष प्रगतिशील गठबंधन (एसपीए) और एआईएडीएमके के नेतृत्व वाले एनडीए के बीच होने की उम्मीद है। एसपीए में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस, देसिया मुरपोक्कू द्रविड़ कज़गम (डीएमडीके) और विदुथलाई चिरुथाइगल कत्ची (वीसीके) शामिल हैं। वहीं, एआईएडीएमके के नेतृत्व वाले एनडीए में भाजपा और पट्टाली मक्कल कत्ची (पीएमके) सहयोगी हैं। इसके अलावा, अभिनेता से राजनेता बने विजय तमिलनाडु विकटन कत्ची (टीवीके) के साथ चुनाव में उतर रहे हैं, जिससे यह मुकाबला त्रिकोणीय हो सकता है।