यौन शोषण के आरोपों पर आया WFI के अध्यक्ष का बयान, कहा- अगर ऐसा कुछ हुआ है तो मैं फांसी लगा लूंगा

By रितिका कमठान | Jan 18, 2023

दिल्ली के जंतर मंतर पर भारत के रेसलरों ने 18 जनवरी को जोरदार प्रदर्शन करते हुए भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह पर कई गंभीर आरोप लगाए है। महिला पहलवान विनेश फोगाट ने बृजभूषण शरण सिंह पर महिला कोच और खिलाड़ियों के यौन शोषण का भी गंभीर आरोप लगाया है। इस आरोप के बाद खुद भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह ने बयान जारी किया है।

 

उन्होंने पहलवानों पर हमला बोलते हुए कहा कि इन सभी पहलवानों को महासंघ से बीते 10 वर्षों से परेशानी नहीं हुई थी। मुद्दे तब सामने आते हैं जब नए नियम और विनियम लाए जाते हैं। उन्होंने प्रदर्शन कर रहे पहलवानों को लेकर कहा कि जो भी पहलवान धरने पर बैठे हैं इनमें से किसी पहलवान ने ओलंपिक खेलने के बाद किसी राष्ट्रीय टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं लिया है।

 

वहीं योन उत्पीड़न के मामले पर भी भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह ने जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि क्या कोई व्यक्ति सामने आकर कह सकता है कि फेडरेशन के सदस्यों ने किसी एथलीट को परेशान किया है। ये बयान उन्होंने विनेश फोगाट और साक्षी मलिक द्वारा यौन उत्पीड़न के आरोपों को लेकर दिया है। उन्होंने कहा कि यौन उत्पीड़न का कोई मामला फेडरेशन में नहीं हुआ है। अगर ऐसा हुआ है तो मैं फांसी लगा लूंगा। उन्होंने कहा कि यौन उत्पीड़न एक बड़ा आरोप है। जब मेरा ही नाम इसमें घसीटा गया है तो मैं कैसे कार्रवाई कर सकता हूं? मैं जांच के लिए तैयार हूं।

 

विनेश फोगाट पर साधा निशाना

इस दौरान बृजभूषण शरण सिंह ने पदक विजेता विनेश फोगाट पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मैं विनेश फोगट से पूछना चाहता हूं कि उन्होंने ओलंपिक में कंपनी के लोगो वाली पोशाक क्यों पहनी थी? मैच हारने के बाद, मैंने केवल उसे प्रोत्साहित और प्रेरित किया था।

 

विनेश फोगाट ने लगाए थे गंभीर आरोप

प्रदर्शन के दौरान विनेश फोगाट ने बृजभूषण शरण सिंह पर तानाशाही रवैया अपनाने समेत कई गंभीर आरोप लगाए। इस दौरान पहलवान विनेश फोगाट ने कहा कि वे हमारे निजी जीवन में दखल देते है। फेडरेशन के अध्यक्ष हमें काफी परेशान करते हैं। हमारा शोषण किया जा रहा है। कोच महिलाओं को प्रताड़ित कर रहे हैं और फेडरेशन के चहेते कुछ कोच महिला कोचों के साथ भी बदसलूकी करते हैं। वे लड़कियों का यौन उत्पीड़न करते हैं। डब्ल्यूएफआई अध्यक्ष ने कई लड़कियों का यौन उत्पीड़न भी किया है। बता दें कि 18 जनवरी को देश के कई रेसलरों ने मिलकर जंतर मंतर पर प्रदर्शन किया था और भारतीय कुश्ती महासंघ के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।

प्रमुख खबरें

Jio, Airtel, Vodafone Idea 96,317 करोड़ रुपये की स्पेक्ट्रम नीलामी में भाग लेंगी

Justice SK Mishra बने GST अपीलीय न्यायाधिकरण के पहले अध्यक्ष, वित्त मंत्री ने दिलाई शपथ

Madhya Pradesh में कांग्रेस ने की जोरदार वापसी, भाजपा को भी क्लीन स्वीप की आस

Travel Tips: पार्टनर के साथ बना रहे पेरिस घूमने का प्लान तो ऐसे प्लान करें ट्रिप, कम खर्चे में कर सकेंगे ढेर सारी मस्ती