By अभिनय आकाश | Feb 08, 2025
यूक्रेनी राष्ट्रपति वलोडिमिर ज़ेलेंस्की ने शनिवार को कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प द्वारा सैन्य सहायता के बदले रिसोर्स की मांग के बाद कीव चाहता है कि उसके सहयोगी उसके खनिज संसाधनों में निवेश करें। ज़ेलेंस्की ने रॉयटर्स समाचार एजेंसी के साथ एक साक्षात्कार में कहा कि हमारे पास खनिज संसाधन हैं। इसका मतलब यह नहीं है कि हम उन्हें किसी को भी दे दें, यहां तक कि रणनीतिक साझेदारों को भी। यह साझेदारी के बारे में है। अपना पैसा लगाओ। निवेश करो। आइए इसे एक साथ विकसित करें और पैसा कमाएं।
ट्रंप ने सुझाव दिया कि उन्हें यूक्रेन की सरकार से यह संदेश मिला है कि वह आधुनिक उच्च प्रौद्योगिकी वाली अर्थव्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण तत्वों तक अमेरिका को पहुंच प्रदान करने संबंधी एक समझौता करने के लिए तैयार हैं। ट्रंप ने कहा कि मैं धरती पर मिलने वाले इन दुर्लभ खनिज तत्वों का संरक्षण चाहता हूं। हम सैकड़ों अरब डॉलर खर्च कर रहे हैं। उनके पास बहुत बढ़िया दुर्लभ खनिज तत्व हैं और मैं इन दुर्लभ खनिज तत्वों का संरक्षण चाहता हूं। वे ऐसा करने के लिए तैयार हैं। ट्रंप ने पहले कहा था कि वह युद्ध को तेजी से समाप्त करेंगे औ इसके लिए बातचीत जारी है। ट्रंप ने कहा कि हमने रूस और यूक्रेन के मामले में बहुत प्रगति की है। देखते हैं कि क्या होता है। हम उस बेतुके युद्ध को रोकने जा रहे हैं।