By अंकित सिंह | May 13, 2023
कर्नाटक चुनाव नतीजों को लेकर चर्चा हर ओर है। कर्नाटक में भाजपा को जबरदस्त झटका लगा है। हालांकि, देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश से पार्टी के लिए खुशखबरी आई है। यह खुशखबरी भाजपा के फायर ब्रांड नेता और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में पार्टी को मिली है। दरअसल, उत्तर प्रदेश में निकाय चुनाव हुए थे। इन निकाय चुनाव के नतीजे भी आज ही घोषित किए जा रहे हैं। उत्तर प्रदेश में मेयर के चुनाव में भाजपा ने जबरदस्त सफलता हासिल की है। मेयर के चुनाव में भाजपा ने सभी 17 सीटों पर कब्जा जमा लिया है। सपा-बसपा-कांग्रेस और अन्य को कुछ भी सफलता नहीं मिल पाई है। हालांकि, कुछ जगहों पर बसपा उम्मीदवार में चुनाव में भाजपा को टक्कर देते दिखाई दिए।
उत्तर प्रदेश नगर पालिका चुनाव में भाजपा ने जबरदस्त जीत हासिल की है। 199 सीटों में से पार्टी के पक्ष में 99 सीट गए हैं। बाकी के 100 सीटों में सपा बसपा कांग्रेस और अन्य के खाते में गए हैं। खास बात यह भी है कि नगर पालिका अध्यक्ष की चुनाव में भाजपा के बाद दूसरे नंबर पर निर्दलीय हैं। उत्तर प्रदेश में भाजपा की सफलता का राज योगी आदित्यनाथ की लोकप्रियता है। साथ ही साथ भाजपा ने जिस तरीके से लोगों के बीच जाकर प्रचार किया, उसका भी पार्टी को फायदा मिला है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ चुनाव प्रचार के दौरान लगातार अपने शासन में मजबूत हुई। कानून व्यवस्था का जिक्र कर रहे थे। निकाय चुनाव में भाजपा के प्रतिष्ठा भी दांव पर थी क्योंकि शहरी इलाके हमेशा पार्टी के घर रहे हैं। लेकिन नगर पालिका और नगर पंचायत में पार्टी को पहले बड़े झटके लगते रहे। लेकिन इस बार पार्टी ने हर तरफ अपना परचम लहराया है।