Gyan Ganga: राक्षसों द्वारा परेशान किये जाने के समय हनुमानजी के मन में क्या चल रहा था?

By सुखी भारती | May 31, 2022

भगवान् श्रीराम जी के प्रिय दूत, श्रीहनुमान जी श्रेष्ठ साधक का ऐसा अविस्मरणीय आदर्श रख रहे हैं, कि जिसे युगों-युगों तक प्रत्येक जीव के कंठ द्वारा गाया जायेगा। कारण कि अपने प्रभु के प्रति दास का कैसा समर्पण भाव होना चाहिए व विपत्ति काल में भी कैसे अपने प्रभु के प्रति आदर व श्रद्धा भाव से ओत-प्रोत रहें, यह हमें श्रीहनुमान जी का दिव्य चरित्र ही बताता है। श्रीहनुमान जी के मन में एक बार भी ऐसा कटु व निम्न स्तरीय भाव नहीं आ रहा, कि प्रभु ने तो मुझे उलझा कर ही दिया है। कहाँ तो हम बढ़िया अपने वनों में मस्त जीवन व्यतीत कर रहे थे, और कहाँ रावण की लंका में अपने अंतिम परिणाम की घड़ियां गिन रहे हैं। उनका मन ऐसी विपरीत स्थिति में भी उत्साहित व प्रसन्न हैं। उन्हें राक्षसों द्वारा प्रताड़ित होना भी, प्रभु की कृपा ही दिखाई प्रतीत हो रही है। कृपा इसलिए, क्योंकि एक श्रेष्ठ साधक कभी भी यह नहीं सोचता, कि मेरे प्रभु कभी भी मेरे साथ कुछ अनैतिक कार्य होने देना स्वीकार कर सकते हैं।

इन सब आध्यात्मिक मूल्यों से दूर, रावण व समस्त राक्षस जन निरंतर अहंकार व अज्ञानता में चूर, कुछ समझ ही नहीं पा रहे हैं। उन्हें लगता है, कि स्वयं को सर्वोपरि रखना व दूसरे को अपनी एड़ी ने नीचे कुचलना ही जीवन की प्राप्ति है। यह सब तो ठीक है, लेकिन राक्षसों को श्रीहनुमान जी की पूँछ से भला क्या दिक्कत थी? सभी चाह रहे हैं, कि हम ही सबसे पहले श्रीहनुमान जी की पूँछ को दाह करेंगे। तो इसके पीछे प्रभु श्रीराम जी, जीव की विकृत मानसिक दशा का परिचय दे रहे हैं। वास्तव में जीव का स्वभाव ही ऐसा हो गया है, कि उसे अपने दुख से इतना दुख नहीं, जितना उसे पड़ोसी के सुख से दुख होता है। रावण व समस्त राक्षस जन इसी व्याधि से पीड़ित हैं। उनको लगता है कि सब ओर केवल हमारी ही पूछ होनी चाहिए। पूछ अर्थात सम्मान व आधिपत्य का भाव। सांसारिक भाषा में भी यह वाक्य अकसर प्रयोग किया जाता है, कि फलां व्यक्ति की तो समाज में बड़ी पूछ है, अर्थात बड़ा प्रभाव है। रावण सोचता है, कि अब तो मैं तीनों लोकों पर राज करता हूँ। सब ओर मेरी पूछ है। कोई मुझे चुनौती देने वाला नहीं है। तो ऐसे में रावण स्वयं में ही बड़ा प्रसन्न व आत्म मुग्ध है। लेकिन रावण जब देखता है, कि एक वानर मेरी ही लंका में, निर्भीक व स्वतंत्र होकर पूरी अशोक वाटिका उजाड़ गया। मेरे पुत्र का भी वध कर गया। तो यह समाचार जब संसार में फैलेगा, तो परिणाम स्वरूप, इससे मेरी पूछ कम होगी अथवा बढ़ेगी? निश्चित ही कम होगी। मेरी पूछ कम हो, तो यह भी एक बार के लिए चल जायेगा। लेकिन मेरे ही समक्ष किसी और की पूछ बढ़ने लगे, तो यह हमें किसी भी मूल्य पर स्वीकार नहीं कर सकता। इसलिए इससे पहले कि किसी और की पूछ बढ़े, हम पहले ही उसकी पूछ जला डालेंगे। तो रावण व समस्त राक्षस गण श्रीहनुमान जी की पूँछ को जलाने में अत्यधिक उत्साहित हैं। तभी तो वे अपने घरों से केवल तेल ही नहीं, अपितु घी भी भरपूर मात्र में लेकर आ रहे हैं। जबकि रावण का आदेश तो केवल तेल लाने का ही था।

इसे भी पढ़ें: Gyan Ganga: रावण के पापों में कैसे भागीदार बन रहे थे लंका के वासी ?

राक्षसों का श्रीहनुमान जी की पावन देह पर लातों से प्रहार करना व ढोल बजा-बजा कर तालियां बजाना यह बताता है, कि वे इस पाप क्रिया के माध्यम से श्रीहनुमान जी को चिढ़ाना चाहते हैं, कि देखा वानर देवता! हम राक्षसों से भिड़ने का परिणाम? तुम हमारी पूछ क्या कम करोगे। लो हम ही तुम्हारी पूछ अर्थात प्रभाव को जलाये देते हैं। दुनिया में हमारी पूछ तो बहुत हो, लेकिन अन्य की केवल कम ही नहीं, अपितु बिल्कुल ही न हो, इसी उद्देश्य् हेतु ही राक्षस गण, श्रीहनुमान जी की पूँछ को दाह करने को आतुर हैं।

लेकिन ऐसी दुर्भावना जीव के जीवन में क्या रंग लाती है। इससे हमारी पूछ कम होगी, अथवा बढ़ेगी, इन्हीं प्रश्नों का उत्तर जानने के लिए प्रतीक्षा करेंगे अगले अंक के प्रकाशित होने की---(क्रमशः)---जय श्रीराम।

-सुखी भारती

प्रमुख खबरें

US Supreme Court का ऐतिहासिक फैसला, Donald Trump की इमिग्रेशन नीति खारिज, जन्म से नागरिकता का अधिकार कायम।

Vaibhav Suryavanshi के Debut पर सस्पेंस, कप्तान Shreyas Iyer के जवाब से England Series से पहले मचा बवाल

T20 World Cup का मिला ईनाम, विस्फोटक बल्लेबाजी से Ishan Kishan बने दुनिया के No.1 Batsman

IPL Trade में मची खलबली, Hardik Pandya के लिए 7 टीमों में होड़, CSK-KKR रेस में सबसे आगे