By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Jul 29, 2026
नयी दिल्ली, 28 जुलाई मेटा के स्वामित्व वाले त्वरित संदेश सेवा मंच व्हाट्सऐप ने मंगलवार को एक नई वेब-आधारित कॉलिंग सुविधा शुरू करने की घोषणा की। इसके जरिये उपयोगकर्ता किसी डेस्कटॉप एप्लिकेशन को डाउनलोड किए बगैर सीधे अपने ब्राउजर से ही ऑडियो एवं वीडियो कॉल कर सकेंगे। कंपनी ने एक ब्लॉग पोस्ट में कहा कि यह सुविधा एक से दूसरे उपकरण पर जाने का अनुभव बेहतर बनाने के लिए लाए गए कई नए अपडेट का हिस्सा है।
इसकी मदद से उपयोगकर्ता एक मौजूदा समूह कॉल को एक उपकरण से दूसरे उपकरण पर कॉल को काटे बगैर सहज रूप से स्थानांतरित कर सकेंगे। समूह कॉल की सुरक्षा और प्रबंधन को मजबूत करने के लिए व्हाट्सऐप ने ‘वेटिंग रूम’ फीचर भी पेश किया है। इसमें प्रतिभागियों को एक आभासी प्रतीक्षा कक्ष में रखा जाएगा, जहां से मेजबान अनुमति मिलने पर कॉल में शामिल करेगा।
इसके अलावा कॉल की गुणवत्ता सुधारने के लिए दो तकनीकी अपग्रेड भी किए गए हैं। ‘क्विकएचडी’ फीचर में कॉल शुरू होते ही उच्च गुणवत्ता वाला वीडियो प्रदान करता है। वहीं, ‘नॉइज सप्रेशन’ फीचर बैकग्राउंड शोर को कम कर ऑडियो को अधिक स्पष्ट बनाता है।
व्हाट्सऐप ने कहा कि ये सभी नई सुविधाएं चरणबद्ध तरीके से उपयोगकर्ताओं तक पहुंचाई जा रही हैं।