By अभिनय आकाश | Oct 27, 2026
चीन वह चालबाज और दगाबाज मुल्क है जिससे आंख बंद करके दोस्ती करने का मतलब अपने ही पैरों पर कुल्हाड़ी मारने जैसा है। भारत चीन की रगरग से वाकिफ है। इसलिए जब भी चीन भारत के साथ रिश्ते सुधारने की बात करता है तो भारत पहले उसके मकसद को समझता है और फिर आगे कदम बढ़ाता है। हाल ही में चीन ने भारत से संबंधों को ठीक करने की बात तो कही थी लेकिन कुछ दिनों बाद पता चला कि चीन ने लद्दाख के 28 जगहों को पहले तो अपना बता दिया और फिर अरुणाचल प्रदेश के बॉर्डर पर तनाव बढ़ाने वाली हरकत कर डाली। माहौल इतना तनावपूर्ण हो गया कि दोनों देशों के सैनिक आमने-सामने आ गए और भारत ने चीन की हेरी निकाल दी। भारत ने साफ कहा कि एलएसी पर तब स्थिति तनावपूर्ण होती है जब चीनी सैनिक तय गश्त के तरीकों से हटकर गतिविधियां करते हैं। भारत के इस बयान के बाद से ही चीन तिलमिलाया हुआ है।
भारत और चीन के बीच अभी भी एलएसी का पूरा सीमांकन नहीं हुआ है। इसीलिए कई जगह दोनों देशों की सीमा को लेकर धारणा अलग-अलग है। इसी वजह से गश्त के दौरान सैनिकों के आमने-सामने आने और टकराव की घटना होती रहती है। भारत चीन के बीच कुल मिलाकर 3488 कि.मी. लंबी एलएसी है। जब भी चीन सीमा पर तनाव बढ़ाने वाली हरकतें करता है तो भारत उसे मुंहतोड़ जवाब देता है। अरुणाचल प्रदेश के बॉर्डर पर भी इस बार भारत ने वैसा ही किया। इसलिए अब चीन पिटा हुआ मुंह लेकर सफाई देता घूम रहा है।