By अंकित सिंह | Dec 13, 2024
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को लोकसभा में कांग्रेस पार्टी पर हमला बोला और कहा कि विपक्ष के नेता अपनी जेब में संविधान की प्रति लेकर घूमते हैं। लोकसभा में दो दिवसीय भारत के संविधान की 75 वर्षों की गौरवशाली यात्रा पर चर्चा के दौरान बहस की शुरुआत करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि संविधान के निर्माण में कई नेताओं के योगदान को जानबूझकर नजरअंदाज किया गया। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि एक विशेष पार्टी ने हमेशा संविधान के निर्माण हाईजैक करने की कोशिश की है।
सिंह ने कहा कि लेकिन भाजपा हमेशा संविधान के सामने झुकती है और उसने संस्थानों की स्वतंत्रता और स्वायत्तता के साथ कभी खिलवाड़ नहीं किया है। उन्होंने बताया कि संविधान में धार्मिक स्वतंत्रता की बात की गई है और यह निर्दिष्ट किया गया है कि राज्य का कोई धर्म नहीं बल्कि धर्मनिरपेक्ष होगा। उन्होंने कहा, ''यह उन लोगों ने कहा था जिन्हें कांग्रेस के लोगों ने सांप्रदायिक करार दिया था।'' सिंह ने कहा, संविधान लोगों की सामान्य इच्छा की अभिव्यक्ति है।
लोकसभा के उप नेता ने किसी का नाम लिये बिना कहा, ‘‘एक पार्टी विशेष द्वारा संविधान निर्माण के कार्य को हाईजैक करने की कोशिश हमेशा से की गई है। भारत में संविधान निर्माण के इतिहास से जुड़ी ये सब बातें लोगों से छिपाई गई हैं।’’ उन्होंने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर परोक्ष रूप से निशाना साधते हुए कहा, ‘‘आज विपक्ष के कई नेता संविधान की प्रति अपनी जेब में रखकर घूमते हैं। असल में उन्होंने बचपन से ही यही सीखा है। उन्होंने पीढ़ियों से अपने परिवार में संविधान को जेब में ही रखे देखा है। लेकिन भाजपा संविधान को सिर माथे पर लगाती है।