गोलियों का जवाब गोलों से दिया तो उनके होश ठिकाने आ गए, PM Modi ने साधा पाकिस्तान पर निशाना

By Prabhasakshi News Desk | Oct 01, 2024

जम्मू कश्मीर में जारी विधानसभा चुनाव को लेकर प्रधानमंत्री ने एक बड़ी चुनावी रैली को संबोधित किया। जिसमें उन्होंने राज्य की सभी बड़ी पार्टियों नेशनल कांफ्रेंस, कांग्रेस और पीडीपी पर जमकर हमला बोला। इसके साथ ही अपने भाषण में पीएम मोदी ने पाकिस्तान का जिक्र करते हुए उसे आड़े हाथों लिया। 

रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दावा किया कि पिछले दो चरणों में हुई जबरदस्त वोटिंग से माहौल बीजेपी के पक्ष में बन गया है। इसीलिए अब राज्य में बीजेपी की पूर्ण बहुमत की सरकार बनना तय है। उन्होंने मंदिरों के नगर जम्मू क्षेत्र के लोगों से सजग रहने की अपील करते हुए कहा कि यह उनकी पसंद की सरकार होगी। पीएम मोदी के मुताबिक, पिछले कई वर्षों से जम्मू के लोगों के साथ हो रहे भेदभाव को भाजपा समझती है और सरकार बनने के बाद उनकी सभी समस्याओं का प्रमुखता से निराकरण भी किया जाएगा। आने वाले नवरात्रि और विजयदशमी को प्रधानमंत्री मोदी ने जम्मू के लोगों के लिए शुभ समय बताते हुए कहा कि इस समय पूरे राज्य में 'जम्मू की यही पुकार, अबकी बार आ रही है भाजपा सरकार' का नारा गूंज रहा है।

विपक्ष पर हमला बोलते हुए नरेंद्र मोदी ने कहा कि पिछली सरकारों ने सिर्फ अपने परिवारों पर ही ध्यान दिया है और राज्य की जनता को उनके हाल पर छोड़ दिया। इसीलिए अबकी बार जम्मू की जनता अपने वोट की बदौलत उन्हें करारा जवाब देगी और इतिहास रचेगी। उन्होंने कांग्रेस को घेरते हुए आरोप लगाया कि आजादी के बाद से ही कांग्रेस ने राज्य के लोगों को सिर्फ और सिर्फ तबाही ही दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले 10 साल में हुई शांति बहाली पर कहा कि पिछली सरकार में पाकिस्तान भारत पर गोलियां चलाता था, लेकिन सरकार चुपचाप देखती रहती थी। जिसके बाद 2014 के बाद बीजेपी की सरकार ने दुश्मन देश को गोली का जवाब गोली से देने का काम किया है।

उन्होंने याद दिलाया कि आज से ठीक 8 साल पहले सरकार ने आतंकवाद के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए सर्जिकल स्ट्राइक भी किया था। उस समय भारत ने दुनिया को बता दिया था कि यह नया भारत है और घर में घुसकर मारने की ताकत भी रखता है। आतंक को लेकर सख्त लहजे में मोदी ने कहा कि भारत की तरफ आंख उठाकर देखने वाले हर आतंकवादी को पाताल से भी ढूंढकर मार दिया जाएगा। कांग्रेस को देश विरोधी बताते हुए पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस आज के समय में भी सर्जिकल स्ट्राइक के सबूत मांगकर पाकिस्तान की भाषा बोलता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस कभी भी देश की सेवा करने वाले जवानों का सम्मान नहीं करती है और उसने देश की सेवा करने वाले जवानों को वन रैंक वन पेंशन के लिए लंबे समय तक तरसाया था, लेकिन भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने खजाने की चिंता ना करते हुए फौजी परिवारों को सहयोग देते हुए वन रैंक वन पेंशन को लागू करने का काम किया है। 

मोदी ने दावा किया कि वर्तमान समय में कांग्रेस पूरी तरह से अर्बन नक्सलियों के कब्जे में आ चुकी है। इसके अलावा, उन्होंने कांग्रेस, नेशनल कांफ्रेंस और पीडीपी को संविधान का दुश्मन बताते हुए कहा कि उनके शासन काल में लोगों को जम्मू कश्मीर में वोट देने का भी अधिकार नहीं था। इसके विपरीत भाजपा ने जम्मू कश्मीर समेत पीओके और दूसरे अन्य क्षेत्रों से आए पीड़ित लोगों को लोकतंत्र में अपने भागीदारी सुनिश्चित करने का मौका दिया है। इसीलिए जम्मू कश्मीर के लोग कांग्रेस के इस पाप को कभी नहीं भूलेगें। हमले जारी रखते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि इन पार्टियों ने राज्य में होने वाले पंचायत चुनाव को भी रोक रखा था। साथ ही उन्होंने आरक्षण की व्यवस्था को भी राज्य में लागू करने से हमेशा रोका है और बीजेपी की सरकार ने लोगों को संविधान के मुताबिक यह सभी हक प्रदान किए हैं और इसीलिए समाज के यह सभी वर्ग बढ़-चढ़कर इस चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में मतदान भी कर रहे हैं। 

नरेंद्र मोदी ने बताया कि इन सभी सरकारों द्वारा दिए गए जख्मों पर भारतीय जनता पार्टी मरहम लगाने का काम करेगी। कश्मीर से निर्वासित लोगों का मुद्दा उठाते हुए पीएम मोदी ने कहा कि वर्तमान सरकार में कश्मीरी पंडितों के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। और उन्हें मिलने वाली आर्थिक सहायता में भी वृद्धि की गई है। जिसके कारण विपक्ष की सभी पार्टियों भड़की हुई है, क्योंकि उन्हें लोगों का विकास पसंद नहीं आ रहा है। 

उन्होंने बताया कि विपक्ष की सभी पार्टियां महान डोगरा समाज के राजा हरि सिंह को बदनाम करने के लिए उनके खिलाफ षड्यंत्र रचते हैं और भारतीय जनता पार्टी जम्मू-कश्मीर के लोगों के साथ हुए अन्याय को दूर करने के लिए प्रतिबद्ध है। जिसके चलते पिछले 10 साल में देश के सर्वश्रेष्ठ शिक्षण संस्थान जम्मू-कश्मीर के लोगों को मिले हैं। राज्य में नई सड़क बनाकर कनेक्टिविटी को पहले से कई गुना बेहतर किया जा रहा है। इसके अलावा भी सरकार ने सीमांत गांवों को देश का पहला गांव घोषित करके पर्यटन का भी विकास करने का काम किया है। वर्तमान सरकार में जम्मू कश्मीर में रेल यातायात को बढ़ाया जा रहा है। तो वहीं, जम्मू एयरपोर्ट का भी विस्तार का काम जारी है। उसके साथ ही पीएम मोदी ने कई अन्य विकास कामों के बारे में लोगों को बताते हुए कहा कि राज्य का बड़े पैमाने पर विकास किया जा रहा है। भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने क्षेत्र में एक एम्स, मेडिकल कॉलेज और कई अन्य अस्पताल बनाकर लोगों की परेशानी को कम करने का भी प्रयास किया है। सरकार बनने के बाद इन सभी विकास कार्यों में और भी तेजी आएगी।

प्रमुख खबरें

बच्चों की Junk Food की आदत से हैं परेशान? ट्राई करें ये Viral Dosa Noodles रेसिपी

Bollywood Wrap Up | पत्नी गौरी स्प्रैट संग आमिर खान ने जमकर किया डांस, रामायण के लिए क्लीन शेव अवतार में दिखे सनी देओल

Signs of True Love: ये 3 साइन बताएंगे कि आपका Partner आपको कितना चाहता है

Sindhu Darshan Yatra Scheme 2026: Ladakh घूमना हुआ सस्ता! Bihar सरकार की नई Scheme, सिंधु दर्शन यात्रा पर मिलेगी भारी छूट