जब ताजमहल को निहारते ही रह गए ट्रंप और मेलानिया...

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Feb 25, 2020

आगरा। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप ऐतिहासिक ताजमहल को देखने सोमवार की शाम आगरा पहुंचे और प्रेम के प्रतीक के तौर पर बनाए गए 17वीं सदी के मुगल काल के मकबरे को देखकर आश्चर्यचकित हो गए। उन्होंने आगंतुक पुस्तिका में ताजमहल को ‘‘भारत की विविधतापूर्ण संस्कृति की धरोहर’’ करार दिया। ट्रंप के साथ उनकी पत्नी, बेटी इवांका और दामाद जेरेड कुशनर अहमदाबाद से यहां पहुंचे। मुगल शासक शाहजहां ने अपनी पत्नी मुमताज महल की याद में ताजमहल बनवाया था। ट्रंप परिवार के दौरे के लिए ताजमहल की सजावट की गई थी। राष्ट्रपति ट्रंप और प्रथम महिला ने ताज परिसर का भ्रमण किया। उन्हें धरोहर के इतिहास एवं महत्व के बारे में भी बताया गया।

इसे भी पढ़ें: 6 अमेरिकी राष्ट्राध्यक्षों के 7 भारत दौरे तो 9 भारतीय प्रधानमंत्रियों की 30 यात्राएं

आगरा में खेरिया हवाईअड्डे पर ट्रंप का जोरदार स्वागत किया गया। बच्चों ने दोनों देशों के झण्डे हाथों में लेकर उनका स्वागत किया। उत्तर प्रदेश की संस्कृति की झलक देखने के बाद उनका काफिला ताजमहल की ओर रवाना हुआ। मार्ग में जगह-जगह कलाकार लोकनृत्य करते रहे। हवाईअड्डे से ताजमहल के रास्ते में 21 जगहों पर तीन हजार कलाकारों ने भारतीय कला और संस्कृति से उन्हें रूबरू कराया। ताज भ्रमण के दौरान गाइड नितिन सिंह उनके साथ रहे। हवाईअड्डे से 30 वाहनों का ट्रंप का काफिला ताजमहल परिसर के पास ओबराय अमरविलास होटल पहुंचा जहां 15,000 से अधिक स्कूली छात्र मार्ग के दोनों तरफ अमेरिका और भारत का झंडा लिए हुए कतार में खड़े थे। ट्रंप, प्रथम महिला और मोदी की तस्वीरों वाले विशाल पोस्टर उस 13 किलोमीटर के मार्ग में जगह-जगह लगे हुए जहां से उनका काफिला गुजरा। उनके आगरा दौरे के लिए तीन स्तर की सुरक्षा व्यवस्था की गई थी और अधिकारियों ने दोपहर तक ताजमहल खाली करा लिया था। ट्रंप और अमेरिका की प्रथम महिला ने संगमरमर के इस अजूबे को देखा जहां ठंडी हवाओं ने मौसम को और खुशगवार बना दिया था। डोनाल्ड ट्रंप से पहले मुगल युग के इस आश्चर्य को देखने वाले अंतिम राष्ट्रपति बिल क्लिंटन थे जो वर्ष 2000 में भारत आए थे। उन्होंने अपनी बेटी चेल्सी क्लिंटन के साथ ताजमहल देखा था। अमेरिकी राष्ट्रपति ड्वाइट डेविड आइजनहावर ने 1959 में तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के साथ ताजमहल देखा था।

प्रमुख खबरें

155 एयरक्राफ्ट, किसी ने लीक किया प्लान, ट्रंप ने ईरान में चलाए गए ऐतिहासिक रेस्क्यू की कहानी सुनाई

West Asia में तनाव घटाने की बड़ी कोशिश, Iran-USA के बीच Ceasefire प्रस्ताव पर पाकिस्तान की मध्यस्थता

Iran में अमेरिकी बचाव अभियान बना चेतावनी, जमीनी कार्रवाई पर उठे बड़े सवाल

Sathankulam Custodial Death केस में 9 Policeकर्मियों को फांसी, Madurai कोर्ट का ऐतिहासिक फैसला।