By अंकित सिंह | Jul 03, 2024
बिहार के सीवान जिले में गंडकी नदी पर बने दो पुल बुधवार सुबह भारी बारिश के बीच ढह गए। एक रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले पंद्रह दिनों में राज्य में यह सातवीं ऐसी घटना है। छोटे पुल महराजगंज को जिले के देवरिया ब्लॉक में स्थित आसपास के कई गांवों से जोड़ते थे। फिलहाल किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। सीवान में पिछले 11 दिनों में पुल ढहने की तीन घटनाएं देखी गई हैं। उप विकास आयुक्त मुकेश कुमार ने कहा कि सही कारण की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि ब्लॉक के वरिष्ठ अधिकारी पहले ही घटनास्थल पर पहुंच चुके हैं।
यह घटना सीवान में एक और पुल ढहने के ठीक 11 दिन बाद आई है, जिससे बिहार के बुनियादी ढांचे को लेकर चिंता बढ़ गई है। 22 जून को दरौंदा इलाके में एक पुल का एक हिस्सा ढह गया था. हाल ही में मधुबनी, अररिया, पूर्वी चंपारण और किशनगंज जैसे जिलों में इसी तरह की घटनाएं सामने आईं, जिससे बिहार सरकार को घटनाओं की जांच के लिए एक उच्च स्तरीय समिति बनाने के लिए मजबूर होना पड़ा।