By अंकित सिंह | Jun 28, 2024
राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ ने शुक्रवार (28 जून) को विपक्ष के विरोध के दौरान विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे के सदन के वेल में आने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि कहा कि इतिहास में यह पहली बार है कि इस पद पर बैठा कोई व्यक्ति इस तरह के आचरण में शामिल है। विपक्ष के विरोध और नारेबाजी के कारण संसद के ऊपरी सदन की कार्यवाही शुक्रवार को तीन बार स्थगित करनी पड़ी। सुबह के सत्र में सूचीबद्ध कागजात सदन के पटल पर रखे जाने के तुरंत बाद, सभापति ने सूचित किया कि उन्होंने दिन के निर्धारित कार्य को निलंबित करने और कथित एनईईटी अनियमितताओं के मुद्दे पर चर्चा करने के लिए विपक्षी नेताओं के 22 नोटिस स्वीकार नहीं किए हैं। जिसकी मांग कई नेताओं ने की थी।
उन्होंने दोपहर दो बजे तक कार्यवाही स्थगित करने से पहले कहा, ''मुझे दुख है और आश्चर्य है कि भारतीय संसदीय परंपरा इतनी नीचे गिर जाएगी कि विपक्ष के नेता वेल में आ जाएंगे।'' बाद में फिर उन्होंने घटना का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जिस तरह का आचरण, नीच आचरण, ऐसा आचरण जो हर भारतीय को दुख पहुंचाएगा, इस संस्था को शर्मसार करेगा। हम यहां निर्वाचित होकर उच्च सदन, बड़ों के सदन के सदस्य होने का गौरव प्राप्त करते हैं। यदि इस सदन में हम इस तरह का अभद्र व्यवहार करते हैं तो यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। बाद में शाम करीब छह बजे दिन भर के लिए स्थगित करने से पहले सदन ने धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा शुरू की। सोमवार सुबह 11 बजे राज्यसभा की दोबारा बैठक होगी।