By अभिनय आकाश | Oct 29, 2025
जहरीली गैस का चेंबर बनी दिल्ली को इससे राहत दिलाने के लिए की गई कृत्रिम बारिश यानी क्लाउड सीडिंग की कोशिश पूरी तरह सफल नहीं हो सकी। इस कारण टारगेट किए गए इलाकों में बारिश नहीं हो पाई। दिल्ली में क्लाउड सीडिंग का पूरा काम आईआईटी कानपुर की तरफ से किया जा रहा है। बीते दिन कानपुर से एयरक्राफ्ट ने उड़ान भरी। शाम होते-होते सीडिंग पूरी कर ली गई थी। ऐसा माना जा रहा था कि कुछ ही घंटों में बारिश शुरू हो जाएगी। हालांकि ऐसा नहीं हो पाया। आईआईटी कानपुर के इस प्रयोग में 14 फ्लेयर्स दागे गए। हर फ्लेयर में 20% सिल्वर, आयोडाइड और बाकी रॉक साल्ट और सामान्य नमक का मिक्सचर था।
उन्होंने कहा कि एक बार फिर बारिश कराने के लिए प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि बारिश के पूर्वानुमानों के बारे में अलग-अलग रिपोर्ट सामने आई थी। कुछ का कहना था कि बारिश होगी। कुछ का कहना था बारिश नहीं होगी। इसके बाद हमारी टीम ने पाया कि बादलों में नमी की मात्रा बहुत कम है। इस लिहाज से पहले से ही माना जा रहा था कि बारिश नहीं होगी। अग्रवाल आगे बताते हैं कि और दो उड़ानों के जरिए क्लाउड सीडिंग कराई जाएगी। सबसे पहले रसायनों का छिड़काव करने के लिए एक विमान ने कानपुर से दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी। विमान ने दिल्ली के बुराड़ी, उत्तरी करोल बाग और मयूर विहार सहित कई इलाकों में रसायनों का छिड़काव किया। आठ इलाकों में यह रसायनों का छिड़काव किया गया था। हर छिड़काव किए गए रसायन का वजन 2.5 किग्र था और परीक्षण आधे घंटे तक चला। राजधानी को प्रदूषण से राहत दिलाने के लिए कृत्रिम बारिश कराने का यह प्रयोग किया गया।
सौरभ भारद्वाज ने कहा कि जनता को बेवकूफ बनाने के लिए सरकार ने आर्टिफिशियल रेन की बात की। 27 अक्टूबर को बादल थे और उन्हीं को देखकर इन्होंने कृत्रिम बारिश की बात की। वैज्ञानिकों ने कहा है कि क्लाउड सीडिंग होते ही 15 मिनट में बारिश हो जाती है, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। इन्होंने उस टाइम को बढ़ा लिया। कहीं भी एक बूंद बारिश नहीं हुई। उन्होंने कहा कि जब आप जानते थे कि दिल्ली में कृत्रिम बारिश नहीं हो सकती तो फिर ये सर्कस क्यों खड़ा किया गया। करोड़ों रुपए खर्च किए गए।