By अंकित सिंह | Mar 28, 2025
लोकसभा में विपक्षी इंडिया ब्लॉक दलों के नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने सांसदों द्वारा हस्ताक्षरित एक ज्ञापन के साथ अध्यक्ष ओम बिरला के समक्ष सदन के उपाध्यक्ष की नियुक्ति में हो रही देरी का मुद्दा उठाया। सूत्रों ने बताया कि लोकसभा अध्यक्ष से मुलाकात करने वाले सांसदों में गोगोई, द्रमुक के ए राजा, सपा के धर्मेंद्र यादव, तृणमूल कांग्रेस के कल्याण बनर्जी और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एसपी) की सुप्रिया सुले शामिल थीं। उन्होंने अध्यक्ष द्वारा विपक्ष के अधिकारों के हनन के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया, जिसमें विपक्ष के नेता राहुल गांधी सहित सदन के नेताओं को कई बार अपने विचार व्यक्त करने की अनुमति नहीं देने जैसे फैसलों का हवाला दिया, जबकि सत्ता पक्ष के सांसदों को अक्सर अपनी बात कहने और जवाब देने की अनुमति दी जाती थी।
लोकसभा अध्यक्ष से बृहस्पतिवार को विपक्षी दलों के नेताओं की मुलाकात के बाद, कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘आज ‘इंडिया’ गठबंधन का एक प्रतिनिधिमंडल शून्यकाल के दौरान लोकसभा अध्यक्ष से मिला। उस प्रतिनिधिमंडल में कांग्रेस, सपा, तृणमूल कांग्रेस, द्रमुक, राजद और कई अन्य विपक्षी दलों के नेता शामिल थे। हमने एक पत्र भी सौंपा है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हमने इस सामूहिक चिंता से उन्हें अवगत कराया कि किस प्रकार से सत्तापक्ष की ओर से सदन की परंपरा और नियमों का उल्लंघन किया जा रहा है।’’ लोकसभा में कांग्रेस के उपनेता ने कहा, ‘‘हमने यह मुद्दा उठाया कि कल अध्यक्ष ने सदन में एक बयान पढ़ा। वह किस विषय और किस पल का उल्लेख कर रहे थे, वह स्पष्ट नहीं था। लेकिन बाहर हमने देखा कि उनके द्वारा कही गई बात का राजनीतिकरण हुआ और दुष्प्रचार किया गया। हमने इस बारे में उन्हें बताया।’’