संविधान के लिए लड़ेंगे, मोदी सरकार की तानाशाही के खिलाफ लड़ेंगे: प्रियंका

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Dec 17, 2019

नयी दिल्ली। विवादित संशोधित नागरिकता कानून के विरोध में प्रदर्शन कर रहे जामिया मिल्लिया इस्लामिया और देश के अन्य विश्वविद्यालयों के छात्रों के साथ एकजुटता दिखाने के लिए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के नेतृत्व में पार्टी नेता सोमवार को यहां इंडिया गेट पर धरने पर बैठ गए और आरोप लगाया कि इस संशोधित कानून की मंशा संविधान को तबाह करना है। शाम चार से छह बजे तक चले ‘मूक प्रदर्शन’ के बाद, कांग्रेस महासचिव ने नागरिकता कानून को लेकर मोदी सरकार पर प्रहार करते हुए कहा कि रविवार को जामिया मिल्लिया इस्लामिया के विद्यार्थियों पर पुलिस की कार्रवाई ‘भारत की आत्मा पर हमला’ है। उन्होंने कहा, ‘‘जब सरकार इस तरह से विश्वविद्यालय के अंदर घुसकर छात्रों पर वार करती है तो पूरे देश को चोट पहुंचती है। मैं मां हूं, ये बच्चे मेरे बच्चों की उम्र के हैं।’’ उन्होंने कहा कि संशोधित नागरिकता कानून भारत के संविधान के खिलाफ है और यह संविधान को ‘तबाह’ करने के लिए लाया गया है।

इसे भी पढ़ें: निर्भया की 7वीं बरसी पर स्वाति मालिवाल ने देश के नागरिकों के नाम लिखा खुला खत

प्रधानमंत्री के वक्तव्य से संबंधित एक प्रश्न के उत्तर में प्रियंका ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री जी, जो महिलाओं पर रोज-रोज अत्याचार हो रहा है, उस पर बोलें, रोजगार पर बोलें। जो कल यहां विश्वविद्यालय में हुआ, इस पर बोलें। उन बच्चों को किसकी सरकार और पुलिस ने पीटा? इन चीजों पर बोलें प्रधानमंत्री जी। जो डूबती हुई अर्थव्यवस्था है, इस पर बोलें प्रधानमंत्री जी।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हम सबको एकजुट होकर इस सरकार के खिलाफ आवाज उठानी चाहिए, क्योंकि ये सरकार अन्याय कर रही है।’’ उन्नाव बलात्कार मामले में भाजपा विधायक कुलदीप सेंगर को दोषी करार दिए जाने के अदालत के फैसले पर पूछे एक अन्य प्रश्न के उत्तर में प्रियंका ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री जी, आज तक उसके बारे में क्यों नहीं बोले हैं? उनकी पार्टी के विधायक ने एक मासूम लड़की का बलात्कार किया, उसके बारे में प्रधानमंत्री जी आज तक चुप क्यों हैं?’’ कांग्रेस महासचिव ने कहा, ‘‘आज विजय दिवस है, आज बांग्लादेश की जंग में हमें विजय मिली थी। तमाम सैनिक जो शहीद हुए, उनको आज फिर हम सम्मान से याद करते हैं। ’’ उन्होंने कहा, ‘‘उनकी शहादत इस लोकतंत्र के लिए हुई, इस संविधान के लिए हुई, इस देश के लिए हुई, ये हमारा देश है, आपका देश है, उन बच्चों का देश है, जिनको आपने कल पीटा, उन महिलाओं का देश है, जिन पर अत्याचार होता है, इसीलिए हमें मिलकर संविधान पर होने वाले हर हमले के खिलाफ लड़ना है।’’

प्रमुख खबरें

Yamuna Expressway बस हादसे पर Allahabad High Court सख्त, यूपी सरकार से मांगा जवाब

Guwahati के होमस्टे में छात्रा की संदिग्ध मौत, पुलिस ने साथी आशिक अली को दबोचा

Election Commission के स्पष्टीकरण से NDA सहयोगियों की चिंता दूर, चिराग और नायडू ने किया समर्थन

Rajasthan में Congress MLA Chetan Patel पर FIR दर्ज, Tika Ram Jully ने BJP सरकार को घेरा