By अंकित सिंह | Feb 13, 2025
इंडिया टुडे-सीवोटर मूड ऑफ द नेशन (एमओटीएन) के एक सर्वे के अनुसार, अगर आज लोकसभा चुनाव होते हैं तो भाजपा के नेतृत्व वाला राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन एक प्रमुख खिलाड़ी बना रहेगा। इस साल बिहार में चुनाव होने हैं, ऐसे में सबसे ज्यादा दिलचप्सी इस बात की है कि एनडीए का राज्य में कैसा प्रदर्शन रहता है। इस सर्वे में दावा किया गया है कि एनडीए को 40 लोकसभा सीटों में से 33-35 सीटें मिलेंगी। कहानी का दिलचस्प हिस्सा यह है कि 2024 के लोकसभा चुनावों में इसके वोट शेयर में 47% से पांच प्रतिशत की वृद्धि हुई है और वर्तमान में यह 52% हो गया है।
सीवोटर के संस्थापक-निदेशक यशवंत देशमुख ने बताया कि मजबूत अंकगणित भाजपा के पक्ष में है और अगर एनडीए के साथी एक साथ हैं, तो उनके हारने की संभावना नहीं है। उन्होंने कहा कि बिहार एक ऐसा राज्य है जहां वोटिंग पैटर्न पूरी तरह से अंकगणित पर आधारित है। बिहार में दिल्ली जैसा बंटा हुआ मतदान नहीं है। यदि भाजपा, नीतीश कुमार की जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू), और चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (एलजेपी) एकजुट रहती है, तो 'महागठबंधन' के लिए एक महत्वपूर्ण चुनौती पेश करना बेहद मुश्किल होगा।