By अंकित सिंह | Feb 27, 2025
नजफगढ़ का नाम बदलकर नाहरगढ़ करने की मांग शुक्रवार को दिल्ली विधानसभा में भाजपा विधायक नीलम पहलवान ने उठाई, जिन्होंने प्रस्तावित बदलाव के लिए ऐतिहासिक कारणों का हवाला दिया। विधानसभा में बोलते हुए, पहलवान ने कहा कि 1857 के विद्रोह के दौरान, राजा नाहर सिंह ने बहादुरी से लड़ाई लड़ी और नजफगढ़ क्षेत्र को दिल्ली के क्षेत्र में शामिल कर लिया। पूर्व सांसद परवेश वर्मा सहित कई प्रयासों के बावजूद, हम नजफगढ़ का नाम बदलकर 'नाहरगढ़' करने की वकालत कर रहे हैं। उनकी मांग पर साथी विधायकों ने अपना समर्थन भी दिखाया।
दिल्ली में बीजेपी नेताओं के बीच इलाकों का नाम बदलने की मांग जोर पकड़ रही है. मुस्तफाबाद निर्वाचन क्षेत्र में जीत हासिल करने के बाद, वरिष्ठ भाजपा नेता मोहन सिंह बिष्ट ने घोषणा की कि आधिकारिक तौर पर पदभार संभालने के बाद वह मुस्तफाबाद का नाम बदलकर "शिव पुरी" या "शिव विहार" कर देंगे। उन्होंने कहा था कि मैं इलाके का नाम मुस्तफाबाद से बदलकर शिव पुरी या शिव विहार कर दूंगा. मैंने यह पहले भी कहा है. मैं यह नहीं समझ पा रहा हूं कि राजनीतिक दल मुस्तफाबाद नाम बरकरार रखने पर क्यों अड़े हुए हैं। मुख्य रूप से हिंदू आबादी वाले क्षेत्र का नाम शिव पुरी या शिव विहार क्यों नहीं रखा जा सकता? लोग 'मुस्तफा' नाम से परेशान हैं और इसे बदला जाना चाहिए।' मैं यह सुनिश्चित करूंगा कि ऐसा हो।
वहीं, दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष (एलओपी) आतिशी ने बृहस्पतिवार को कहा कि आम आदमी पार्टी (आप) के विधायकों को सदन की कार्यवाही से तीन दिनों के लिए निलंबित करने के बाद उन्हें दिल्ली विधानसभा परिसर में प्रवेश करने से रोका जा रहा है। आतिशी ने कहा कि भाजपा (भारतीय जनता पार्टी) वालों ने सरकार में आते ही‘‘तानाशाही की हदें पार कर दीं।’’ मंगलवार को सदन की कार्यवाही शुरू होते ही आतिशी और आप के अन्य विधायकों ने मुख्यमंत्री कार्यालय से बी. आर. आंबेडकर की तस्वीर कथित तौर पर हटाए जाने का विरोध किया।