संजय राउत ने योगी आदित्यनाथ के दावे को किया खारिज, कहा- जाते वक्त प्रवासियों ने की थी उद्धव ठाकरे की प्रशंसा

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | May 25, 2020

मुंबई। शिवसेना नेता संजय राउत ने महाराष्ट्र में प्रवासी मजदूरों से ‘‘अनुचित व्यवहार’’ के उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दावों को सोमवार को खारिज कर दिया और कहा कि सही बात यह है कि प्रवासियों ने लॉकडाउन के बीच महाराष्ट्र से जाते समय मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे की प्रशंसा की थी। राउत ने कहा कि वह मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे की तारीफ कर रहे प्रवासी मजदूरों के वीडियो आदित्यनाथ को भेजेंगे। राउत ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दावा किया है कि हमने प्रवासी मजदूरों के साथ गलत व्यवहार किया। हम उन्हें प्रवासी मजदूरों की वीडियो क्लिप भेजेंगे जो महाराष्ट्र छोड़ते समय उद्धव ठाकरे की तारीफ कर रहे थे।’’ शिवसेना नेता ने कहा कि आदित्यनाथ को इस तरह के दावे नहीं करने चाहिए थे। अब उन्हें अपना अधिकांश समय घर लौटे प्रवासी मजदूरों को भोजन-पानी उपलब्ध कराने में लगाना चाहिए। 

राउत ने कहा कि यदि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री चाहते हैं कि राज्यों को उनके प्रदेश के लोगों को रोजगार देने के लिए उनकी अनुमति लेनी चाहिए तो उन्हें यह नहीं भूलना चाहिए कि प्रवासी मजदूर काम की तलाश में महाराष्ट्र आए थे। उन्होंने कहा, ‘‘हमने उन्हें स्वीकार किया और उन्हें यहां काम करने दिया। हमने इन लोगों का ध्यान पिछले एक-डेढ़ महीने में ही नहीं रखा...बल्कि वे वर्षों से यहां काम करते रहे हैं। हम सब सौहार्द के साथ मिलकर रह रहे थे।’’ आदित्यनाथ ने रविवार को कहा था कि लॉकडाउन में कई राज्यों ने प्रवासी मजदूरों की उचित देखरेख नहीं की और यदि कोई राज्य उत्तर प्रदेश के प्रवासी मजदूरों की वापसी चाहता है तो उसे उनकी सरकार से मंजूरी लेनी होगी।

प्रमुख खबरें

Candidates Tournament: Tan Zhongyi की एक गलती पड़ी भारी, Vaishali ने मौके को जीत में बदला

Bishkek में पहलवान Sujit का Mission Gold, 7 साल का सूखा खत्म करने की बड़ी चुनौती।

Kerala, Assam, Puducherry में थमा चुनावी शोर, 9 April को अब जनता करेगी अपना फैसला

बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड को सरकार ने किया बर्खास्त, अब ये पूर्व खिलाड़ी संभालेगा बड़ी जिम्मेदारी