ममता बनर्जी ने भरी हुंगार, बोलीं- मैं एक पैर से बंगाल जीतूंगी और दो पैर से दिल्ली

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Apr 05, 2021

चुंचुड़ा। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को कहा कि चोटिल होने के बावजूद वह राज्य का चुनाव जीतेंगी और आगे दिल्ली की सत्ता पर उनकी नजर होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधते हुए बनर्जी ने कहा कि पश्चिम बंगाल में वहां के ही लोग शासन करेंगे। खुद को ‘रॉयल बंगाल टाइगर’ बताते हुए तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ने कहा कि पश्चिम बंगाल में किसी गुजराती का शासन नहीं होगा। बनर्जी ने कहा, ‘‘(चोटिल होने के बावजूद) एक पैर से मैं बंगाल जीतूंगी और दो पैर से दिल्ली।’’ 

चुनाव जीतने के वास्ते प्रचार के लिए देशभर से नेताओं को लाने के लिए भाजपा की आलोचना करते हुए बनर्जी ने एक जनसभा में कहा कि भगवा पार्टी ने विधानसभा चुनाव में मौजूदा सांसदों को उतारा है क्योंकि उसके पास योग्य उम्मीदवार ही नहीं है। भाजपा ने चुंचुड़ा विधानसभा सीट के लिए हुगली से लोकसभा सदस्य लॉकेट चटर्जी को मुकाबले में उतारा है। बनर्जी ने कहा कि उन्हें फर्क नहीं पड़ता कि प्रधानमंत्री मोदी उनके बारे में ‘‘दीदी...ओ...दीदी’ के लहजे में बात करते हैं। तृणमूल की कुछ महिला नेताओं ने इसे व्यंगग्यपूर्ण बताया है। 

इसे भी पढ़ें: ममता पर योगी का हमला, बोले- भाजपा के सत्ता में आने पर TMC के गुंडे जेल में होंगे 

बनर्जी ने कहा, ‘‘वह (मोदी) रोज ऐसा करते हैं, मुझे इससे फर्क नहीं पड़ता।’’ आठ चरणों में पश्चिम बंगाल का विधानसभा चुनाव कराने के औचित्य पर सवाल उठाते हुए तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ने कहा, ‘‘यह तीन या चार चरण में हो सकता था। क्या कोविड-19 के कारण कम चरण में और जल्दी चुनाव नहीं कराया जा सकता था।’’ बनर्जी ने यह भी दावा किया कि राज्य में अब तक कोरोना वायरस की स्थिति उतनी गंभीर नहीं है। पश्चिम बंगाल में रविवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 1957 मामले आए थे।

बनर्जी ने स्वीकार किया कि चुंचुड़ा और सप्तग्राम के निवर्तमान विधायकों तपन मजूमदार और तपन दासगुप्ता से गलतियां हुई। उन्होंने मतदाताओं से गलतियों को भूलकर एक बार उन्हें फिर से मौका देने की अपील करते हुए कहा कि आगे वे गलती नहीं करेंगे। बनर्जी ने कहा, ‘‘अगर हम हुगली जिले में नहीं जीतेंगे तो बड़ी मुश्किल होगी।’’ वर्ष 2016 के विधानसभा चुनाव में पार्टी ने हुगली जिले में 18 विधानसभा सीटों में से ज्यादातर पर जीत दर्ज की थी लेकिन 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा के कारण तृणमूल कांग्रेस का जनाधार घट गया।

प्रमुख खबरें

UP में विकास और Infrastructure प्रोजेक्ट्स समय पर पूरे हों, सीएम Yogi Adityanath के कड़े निर्देश

Delhi Police ने Rahul Gandhi और Priyanka Gandhi पर दर्ज कीं 4 FIR

Elon Musk के अंबानी वाले सवाल पर बोले Rahul Gandhi, दूसरे व्यक्ति से मिलेंगे तो और पता चलेगा

विवाद में उलझा Arunachal Pradesh, Ranji Trophy के पहले मैच से बाहर होने का खतरा