दोस्त हो तो Russia जैसा हो, India को सौंपी S-400 की 4th Squadron, आसमान में अभेद्य रक्षा कवच तैयार, दुश्मन मिसाइलें हवा में होंगी तबाह

By नीरज कुमार दुबे | Jun 04, 2026

भारत ने आखिरकार अपनी वायु सुरक्षा दीवार को और घातक बना दिया है। रूस निर्मित एस-400 वायु रक्षा प्रणाली की चौथी स्क्वॉड्रन भारत पहुंच चुकी है और इसके साथ ही दुश्मनों की नींद उड़ना तय माना जा रहा है। समुद्री मार्ग से भारत पहुंचे इस अत्याधुनिक रक्षा कवच को जल्द ही पश्चिमी मोर्चे पर तैनात किया जाएगा, जहां पाकिस्तान की हरकतों और चीन की विस्तारवादी चालों पर नजर रखते हुए इसे रणनीतिक रूप से लगाया जाएगा।

इसे भी पढ़ें: भारत को ऑफर देकर रूस भरेगा Su-57 की पहली सफल उड़ान, पेंटागन से लेकर बीजिंग तक सब हैरान!

हम आपको याद दिला दें कि एस-400 ने पिछले वर्ष भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव के दौरान अपनी असली ताकत दिखाई थी। पाकिस्तान द्वारा दागी गई मिसाइलों को हवा में तबाह करने के साथ इस प्रणाली ने तीन सौ चौदह किलोमीटर दूर दुश्मन के एक उच्च मूल्य निगरानी विमान को मार गिराकर इतिहास रच दिया था। यह दुनिया में अब तक की सबसे लंबी दूरी की सतह से हवा में मार गिराने वाली कार्रवाई मानी जा रही है। इससे साफ हो गया कि भारत अब दुश्मन के इरादों को सीमा पार ही कुचल देने की क्षमता रखता है।

हम आपको बता दें कि भारत ने अपनी पहली तीन स्क्वॉड्रन पंजाब जम्मू क्षेत्र, राजस्थान गुजरात क्षेत्र और सिक्किम सेक्टर में तैनात कर रखी हैं। इनकी तैनाती ने पश्चिमी और उत्तरी सीमाओं पर एक त्रिकोणीय सुरक्षा कवच तैयार कर दिया है। चौथी स्क्वॉड्रन भी संभवतः पश्चिमी मोर्चे पर तैनात होगी, ताकि पाकिस्तान की किसी भी दुस्साहसिक हरकत को जन्म लेते ही खत्म किया जा सके।

देखा जाये तो एस-400 केवल एक मिसाइल प्रणाली नहीं, बल्कि दुश्मन के लिए चलता फिरता काल है। इसकी निगरानी क्षमता छह सौ किलोमीटर तक फैली हुई है। यह लड़ाकू विमानों, क्रूज मिसाइलों, बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोन जैसे अनेक खतरों को एक साथ पहचानकर उन्हें अलग अलग ऊंचाई और दूरी पर नष्ट कर सकती है। एक मानक स्क्वॉड्रन में आठ से बारह मोबाइल प्रक्षेपक वाहन होते हैं और हर वाहन में चार मिसाइल ट्यूब लगी होती हैं। इस प्रकार एक स्क्वॉड्रन एक समय में 48 मिसाइलें दागने के लिए तैयार रहती है, जबकि पुनर्भरण व्यवस्था के साथ यह संख्या एक सौ अट्ठाइस तक पहुंच सकती है।

सबसे महत्वपूर्ण पहलू यह है कि अब इस प्रणाली को कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित निर्णय सहायता तकनीक से जोड़ा जा रहा है। इसका मतलब है कि दुश्मन के विमानों, ड्रोन, बैलिस्टिक मिसाइलों और क्रूज मिसाइलों की पहचान और प्राथमिकता तय करने में मशीन आधारित विश्लेषण मदद करेगा। इससे प्रतिक्रिया समय घटेगा और इंटरसेप्टर मिसाइलों का इस्तेमाल और अधिक सटीक हो सकेगा। हालांकि अंतिम निर्णय मानव संचालक के हाथ में रहेगा, लेकिन युद्धक्षेत्र में यह तकनीकी बढ़त भारत को कई कदम आगे ले जाएगी।

सामरिक दृष्टि से देखें तो यह केवल हथियारों की खरीद नहीं, बल्कि दक्षिण एशिया के शक्ति संतुलन को बदलने वाली घटना है। पाकिस्तान की वायु शक्ति पहले ही भारतीय वायुसेना के सामने कमजोर मानी जाती रही है, लेकिन अब एस-400 की मौजूदगी ने उसकी आक्रामक क्षमता को लगभग निष्प्रभावी बना दिया है। दूसरी तरफ चीन के साथ वास्तविक नियंत्रण रेखा पर बढ़ते तनाव के बीच यह प्रणाली भारतीय वायु क्षेत्र को अभेद्य बनाने की दिशा में निर्णायक कदम है।

रणनीतिक स्तर पर भारत अब स्पष्ट संदेश दे रहा है कि वह केवल रक्षा नहीं करेगा, बल्कि दुश्मन की हर चाल को शुरुआती चरण में ही कुचल देगा। यही कारण है कि रक्षा अधिग्रहण परिषद ने एस-400 की सफलता से प्रभावित होकर पांच और स्क्वॉड्रन खरीदने की मंजूरी दे दी है। इसके समानांतर भारत स्वदेशी परियोजना कुशा और व्यापक सुदर्शन चक्र पहल के तहत अपना एकीकृत वायु रक्षा तंत्र विकसित कर रहा है। इसका लक्ष्य ऐसा भारतीय सुरक्षा कवच तैयार करना है जो ड्रोन से लेकर बैलिस्टिक मिसाइल तक हर खतरे को खत्म कर सके।

स्पष्ट है कि भारत अब केवल सीमाओं की रक्षा करने वाला देश नहीं, बल्कि दुश्मन की हर साजिश को जन्म लेते ही कुचल देने वाली शक्ति बन चुका है। नई दिल्ली ने साफ संकेत दे दिया है कि अब किसी भी दुस्साहस का जवाब शब्दों से नहीं, बल्कि आसमान चीरती मिसाइलों और अभेद्य रक्षा कवच से दिया जाएगा। एस-400 की चौथी स्क्वॉड्रन का आगमन केवल सैन्य आपूर्ति नहीं, बल्कि पाकिस्तान और चीन दोनों के लिए खुली चेतावनी है कि भारत की ओर उठने वाली हर नजर अब राख में बदल सकती है। आने वाले समय में सुदर्शन चक्र और परियोजना कुशा जैसे स्वदेशी रक्षा कवच भारत को ऐसी महाशक्ति में बदल देंगे, जिसके सामने दुश्मन की मिसाइलें हवा में दम तोड़ देंगी और उसकी युद्ध रणनीतियां जमीन पर बिखर जाएंगी।

प्रमुख खबरें

ममता बनर्जी की राजनीति खत्म या पिक्चर अभी बाकी है? Operation Crown Prince ने कैसे मचाया भूचाल?

CAT Vacancy: सरकारी कर्मचारियों के लिए सुनहरा मौका, 82 पदों पर भर्ती, ऐसे करें Apply

मौसम की मार, फिर भी Rahul Gandhi का परिवर्तन का शंखनाद; Almorah रैली को फ़ोन से किया संबोधित

ताकि अलनीनो का कम पड़े दुष्प्रभाव