पंजाब के पठानकोट में मेस कर्मचारी के हमले में वायुसेना की महिला अधिकारी गंभीर रूप से घायल

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jul 18, 2023

पंजाब के पठानकोट जिले में एक मेस (भोजनालय) कर्मचारी के हमले में भारतीय वायुसेना की एक महिला अधिकारी गंभीर रूप से घायल हो गई है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि आरोपी शुक्रवार रात को महिला अधिकारी, जो एक स्क्वॉड्रन लीडर हैं, के घर में लूटपाट के इरादे से घुसा। पठानकोट के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरकमलप्रीत सिंह खख ने बताया कि उस समय अधिकारी सोई हुई थीं, लेकिन आवाज सुनकर उनकी नींद खुल गई। उन्होंने बताया कि अधिकारी ने मेस कर्मचारी को रोकने की कोशिश की लेकिन उसने चाकू से कई वार करके अधिकारी को घायल कर दिया।

उन्होंने कहा कि आरोपी की पहचान मक्खन सिंह के रूप में की गई है और उसे सीसीटीवी फुटेज की मदद से गिरफ्तार कर लिया गया है।खख ने बताया कि जिस समय यह घटना हुई, उस समय महिला अधिकारी घर पर अकेली थीं। पुलिस अधिकारी ने बताया कि पास के मकान में रह रही एक अन्य महिला वायुसेना अधिकारी पीड़िता के आवास पर गईं, जहां उन्होंने स्क्वॉड्रन लीडर को घायल अवस्था में पाया।

उन्होंने बताया कि घायल अधिकारी को एक अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें हरियाणा के चंडी मंदिर स्थित सेना के अस्पताल में रेफर किया गया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उस पर हत्या की कोशिश करने का आरोप लगाया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है। पुलिस ने बताया कि आरोपी पीड़िता के आवास के निकट रहता है।

प्रमुख खबरें

UP STF ने Lucknow में दबोचा 50 हजार का इनामी बदमाश Pratap Gosain

Odisha Assembly में सीएम Mohan Charan Majhi ने 24,150 करोड़ का अनुपूरक बजट रखा

Punjab में Congress ने बनाई 42 सदस्यीय चुनाव समिति, Pargat Singh बने अध्यक्ष

Rishikesh के पास 100 करोड़ की लागत से बनेगा Shivalik Eco Park, दो चरणों में होगा काम