By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 31, 2026
नोएडा के साइबर क्राइम थाने की पुलिस ने विभिन्न एयरलाइंस कंपनियों में नौकरी दिलाने का झांसा देकर लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने वाली एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इसकी जानकारी दी। पुलिस ने उसके कब्जे से ठगी में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन और लैपटॉप भी बरामद किया है।
इसके माध्यम से वह देश के विभिन्न एयरलाइंस कंपनियों में नौकरी दिलाने के नाम पर सोशल मीडिया के अलग-अलग मंचों पर पेज संचालित करती थी। आरोपी ने बताया कि इनके जरिए वह नौकरी की तलाश कर रहे लोगों से संपर्क करती और उन्हें नौकरी दिलाने का भरोसा देती थी। इसके बाद वह प्रोसेसिंग फीस, इंटरव्यू एवं अन्य औपचारिकताओं के नाम पर लोगों से ऑनलाइन विभिन्न बैंक खातों में पैसे जमा करवाती थी।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने नोएडा सहित देश के अलग-अलग हिस्सों में रहने वाले सैकड़ों लोगों से एयरलाइंस में नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने की बात स्वीकार की है। पुलिस उपायुक्त ने बताया कि गिरफ्तार महिला को आज न्यायालय में पेश किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आगे की कार्रवाई की जा रही है।