Women Asian Champions Trophy: मलेशिया को 6-2 से हराकर भारतीय महिला टीम फाइनल में पहुंची

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 27, 2026

गत चैंपियन भारत ने दीपिका के दो गोल की मदद से शुक्रवार को यहां महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में मलेशिया को 6-2 से करारी शिकस्त देकर फाइनल में प्रवेश किया। भारत अब रिकॉर्ड चौथी बार खिताब जीतने से केवल एक कदम दूर है। एशियाई खेलों की चैंपियन भारतीय टीम ने अपने आक्रमण की ताकत और विविधता का शानदार प्रदर्शन किया।

उसकी ओर से मुमताज खान (10वें मिनट), नवनीत कौर (18वें मिनट), टूर्नामेंट की शीर्ष स्कोरर दीपिका (25वें और 30वें मिनट), सुनेलिता टोप्पो (33वें मिनट) और इशिका (57वें मिनट) ने गोल किए। मलेशिया के लिए नूर अजहर (27वें मिनट) और नूरामीरा जुल्किफली (52वें मिनट) ने गोल दागे। इस जीत के साथ भारत ने छठी बार टूर्नामेंट के फाइनल में जगह बनाई।

भारत ने आक्रामक शुरुआत की और मिडफील्ड में गेंद को अपने कब्जे में रखते हुए खेल पर नियंत्रण बनाने की कोशिश की। हालांकि मलेशिया ने अच्छी रक्षात्मक रणनीति अपनाई और भारतीय हमलों को रोकने के लिए लगातार प्रयास किए। पहले क्वार्टर के आगे बढ़ने के साथ भारत ने आक्रमण तेज किया और सुनेलिता ने पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया।

दीपिका का शुरुआती प्रयास गोल में नहीं बदल सका, लेकिन सुनेलिता ने रिबाउंड पर गेंद मुमताज तक पहुंचाई जिन्होंने करीब से गोल कर भारत को बढ़त दिलाई। दूसरे क्वार्टर में भारतीय टीम ने अपने आक्रमण की गति और तेज कर दी। नवनीत ने 18वें मिनट में शानदार प्रयास से भारत की बढ़त दोगुनी कर दी।

उन्होंने मलेशिया की दो रक्षकों को छकाने के बाद गोलकीपर को भी चकमा देकर गेंद गोलपोस्ट में पहुंचाई। मेजबान टीम ने बेहतरीन स्टिकवर्क और आपसी तालमेल से मलेशियाई रक्षापंक्ति पर दबाव बनाए रखा। इसके बाद दीपिका ने 25वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर भारत की बढ़त 3-0 कर दी।

मलेशिया ने 27वें मिनट में नूर अजहर के पेनल्टी कॉर्नर पर किए गए गोल से वापसी की कोशिश की, लेकिन भारत ने जल्द ही अपना दबदबा फिर कायम कर लिया। दीपिका ने 30वें मिनट में एक और पेनल्टी कॉर्नर पर गोल करके भारत को मध्यांतर तक 4-1 से आगे कर दिया। भारत ने तीसरे क्वार्टर में भी अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा।

सुनेलिता ने 33वें मिनट में गोल करके टीम की बढ़त 5-1 कर दी। दीपिका के पेनल्टी कॉर्नर पर किए गए प्रयास के बाद गेंद गोलकीपर से टकराकर वापस आई। सुनेलिता ने तुरंत रिबाउंड पर निशाना साधा।

उनका पहला प्रयास गोलकीपर ने रोक दिया, लेकिन उन्होंने दोबारा गेंद पर नियंत्रण बनाकर उसे गोलपोस्ट में पहुंचा दिया। लालरेमसियामी ने मिडफील्ड में गेंद को आगे बढ़ाने और आक्रमण तैयार करने में अहम भूमिका निभाई। इशिका ने भी शानदार व्यक्तिगत प्रयास से गोल करने का मौका बनाया, लेकिन वह उसे गोल में नहीं बदल सकीं।

अंतिम क्वार्टर में भी भारत ने आक्रामक खेल जारी रखा। हालांकि मलेशिया की जुल्किफली ने 52वें मिनट में बाईं ओर से रिवर्स स्टिक से शानदार शॉट लगाकर गोल किया। इससे मेहमान टीम को कुछ राहत मिली, लेकिन भारत ने अपना संयम बनाए रखा और हमले जारी रखे।

रुतुजा दादासो पिसल ने भारतीय आक्रमण में अहम भूमिका निभाते हुए 57वें मिनट में एक और पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया। इस पर इशिका ने गोल किया और भारत को 6-2 की बढ़त दिला दी। इससे पहले दिन के एक अन्य मुकाबले में कोरिया ने थाईलैंड को 4-1 से हराकर पांचवां स्थान हासिल किया।

पहले सेमीफाइनल में चीन ने जापान को 1-0 से हराया। चीन के लिए झांग हेयांग ने 60वें मिनट में निर्णायक गोल किया। अब फाइनल में भारत का सामना शनिवार को चीन से होगा।

प्रमुख खबरें

Trade Fair में Delhi Traffic Police ने काटे 217 चालान, 12 लाख पहुंचे थे दर्शक

Carlos Tevez के विदाई मैच में Lionel Messi और Sergio Aguero समेत दिग्गज एक साथ खेलेंगे

8 बार के MotoGP चैंपियन Marc Marquez ने लिया संन्यास, Valencia में होगी आखिरी रेस

Human Trafficking पर लगाम लगाने के लिए CBI ने बनाया विशेष कार्यसमूह, बनेगी राष्ट्रीय कार्ययोजना