Human Trafficking पर लगाम लगाने के लिए CBI ने बनाया विशेष कार्यसमूह, बनेगी राष्ट्रीय कार्ययोजना

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 27, 2026

केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने मानव तस्करी से निपटने के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार करने को एक विशेष कार्यसमूह गठित किया है। यह समूह केंद्रीय गृह मंत्रालय और सभी राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के पुलिस विभागों के समन्वय से काम करेगा। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

एजेंसी ने एक बयान में कहा कि सीबीआई के संयुक्त निदेशक स्तर के अधिकारी की अध्यक्षता में इस समूह का गठन पुलिस महानिदेशकों और पुलिस महानिरीक्षकों के 2025 के 60वें अखिल भारतीय सम्मेलन में की गई सिफारिशों के अनुरूप किया गया है। विशेष कार्यसमूह को मानव तस्करी से निपटने के लिए एक व्यापक कार्ययोजना तैयार करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। बयान में कहा गया, इस उद्देश्य से विशेष कार्यसमूह ने कई पहल की हैं और एक समन्वित एवं लागू की जा सकने वाली कार्ययोजना तैयार करने के लिए व्यापक विचार-विमर्श किया है।

इसमें विशिष्ट उपायों और स्पष्ट रूप से तय जिम्मेदारियों को शामिल किया जाएगा। इन प्रयासों को आगे बढ़ाते हुए शुक्रवार को सीबीआई मुख्यालय में मानव तस्करी पर एक दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया गया। इसमें केंद्रीय गृह मंत्रालय, केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, सीबीआई, भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (आई4सी), पंजाब पुलिस, राजस्थान पुलिस और गुजरात पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने हिस्सा लिया।

सम्मेलन में सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के पुलिस विभागों के 51 प्रतिनिधि भी शामिल हुए। बयान के अनुसार, सम्मेलन में मानव तस्करी से जुड़े उभरते रुझानों और चुनौतियों पर चर्चा हुई। इनमें साइबर गुलामी, संगठित तस्करी गिरोहों की सफल जांच, अंतरराज्यीय और सीमा पार तस्करी, पीड़ितों की पहचान और उनका बचाव, पुनर्वास की विभिन्न योजनाएं, अपराधियों के खिलाफ अभियोजन तथा जांच को मजबूत करने में प्रौद्योगिकी की भूमिका शामिल थीं।

सम्मेलन में पुलिस अधिकारियों और केंद्रीय मंत्रालयों एवं एजेंसियों के प्रतिनिधियों को अपने अनुभव साझा करने, कामकाज से जुड़ी चुनौतियों पर चर्चा करने और मानव तस्करी की रोकथाम एवं उससे निपटने के लिए अपनाई जा रही बेहतर कार्यप्रणालियों का आदान-प्रदान करने का साझा मंच मिला। इस दौरान अंतरराज्यीय समन्वय मजबूत करने, खुफिया जानकारी समय पर साझा करने, तकनीकी मंचों और डेटाबेस का प्रभावी इस्तेमाल करने तथा संगठित तस्करी गिरोहों के खिलाफ समन्वित कार्रवाई करने पर जोर दिया गया। बयान में कहा गया कि सम्मेलन का समापन इस बात पर जोर देने के साथ हुआ कि सभी प्रयासों के केंद्र में पीड़ितों की जरूरतों और हितों को रखा जाना चाहिए।

इसमें विशेष रूप से उनकी सुरक्षा, देखभाल और पुनर्वास पर ध्यान देने की बात कही गई। प्रतिभागियों ने मानव तस्करी के मामलों की रोकथाम, जांच और सफल अभियोजन के प्रयासों को मजबूत करने के लिए सभी संबंधित एजेंसियों के बीच निरंतर सहयोग, सूचनाओं के प्रभावी आदान-प्रदान और समन्वित कार्रवाई के महत्व पर भी जोर दिया। सीबीआई ने मानव तस्करी से निपटने और पीड़ितों को न्याय, सुरक्षा एवं पुनर्वास सुनिश्चित करने के लिए केंद्रीय और राज्य एजेंसियों तथा अन्य संबंधित पक्षों के बीच सहयोगात्मक प्रयासों के महत्व को दोहराया।

प्रमुख खबरें

Women Asian Champions Trophy: मलेशिया को 6-2 से हराकर भारतीय महिला टीम फाइनल में पहुंची

8 बार के MotoGP चैंपियन Marc Marquez ने लिया संन्यास, Valencia में होगी आखिरी रेस

N Chandrasekaran मामले में Tata Trusts को झटका, Bombay High Court ने बैठक पर रोक से किया इनकार

मद्रास High Court की अनुमति: तमिलनाडु की अम्बासमुद्रम और पेरुंदुरै सीट पर होगा उपचुनाव