By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | May 25, 2026
भारतीय ग्रैंडमास्टर डी गुकेश ने किसी तरह का बहाना बनाने से परहेज करते हुए स्वीकार किया कि 2024 का विश्व खिताब जीतने के बाद से उनका प्रदर्शन अपेक्षानुरूप नहीं रहा और उनके खेल को लेकर पूर्व दिग्गजों की आलोचना जायज थी। गुकेश ने पिछले 18 महीनों में निराशाजनक प्रदर्शन किया है और वह इस साल के आखिर में अपना विश्व किताब बचाए रखने के लिए सर्वश्रेष्ठ फॉर्म हासिल करने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। इस 19 वर्षीय खिलाड़ी ने हालांकि कहा कि वह आलोचनाओं को नजरअंदाज करने की कोशिश करते हैं लेकिन उन्होंने स्वीकार किया कि चैलेंजर जावोखिर सिंदारोव के खिलाफ अपने विश्व खिताब का बचाव करने से पहले परिणाम उनके अनुकूल नहीं रहे हैं।
गुकेश ने कहा कि उन्हें विश्व चैम्पियनशिप का मैच दुनिया में कहीं भी खेलने में खुशी होगी, लेकिन इसके साथ ही यह भी स्वीकार किया कि अगर इसे भारत में आयोजित किया जाता है तो यह उनके लिए खास बन जाएगा। उन्होंने कहा, ‘‘इसे कहीं भी आयोजित किया जाता है मैं अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की कोशिश करूंगा। भारत में हमेशा बहुत दबाव रहता है। विश्व चैंपियनशिप बहुत से लोगों का ध्यान आकर्षित करेगी। अगर यह भारत में होती है तो यह बहुत बढ़िया होगा और मुझे बहुत खुशी होगी।