By अंकित सिंह | May 22, 2025
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को बीकानेर में एक रैली के दौरान पाकिस्तान पर तीखा हमला किया और कहा कि 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले का बदला लेते हुए भारत ने महज 22 मिनट के भीतर पाकिस्तान के नौ बड़े एयरबेस नष्ट कर दिए। उन्होंने कहा कि जब 'सिंदूर बारूद बन जाता है' तो पूरी दुनिया ने देखा और दुश्मनों ने भी इसका नतीजा देखा। पीएम मोदी ने कहा कि 22 अप्रैल को आतंकवादियों ने हमारी बहनों का धर्म पहचान कर उनके सिंदूर को मिटा दिया। हमला पहलगाम में हुआ, लेकिन गोलियों ने 1.4 अरब भारतीयों के दिलों को छलनी कर दिया।
प्रधानमंत्री मोदी ने बीकानेर रैली में तालियों की गड़गड़ाहट के बीच कहा, "जब सिंदूर विस्फोटक बन जाता है, तो परिणाम सबके सामने आता है।" मोदी ने कहा क यह शोध-प्रतिशोध का खेल नहीं, यह न्याय का नया स्वरूप है, यह ऑपरेशन सिंदूर है। यह सिर्फ आक्रोश नहीं है, यह समर्थ भारत का रौद्र रूप है, यह भारत का नया स्वरूप है। पहले घर में घुसकर किया था वार, अब सीधा सीने पर किया प्रहार है।
मोदी ने कहा कि एयरस्ट्राइक के बाद मैं चुरू में आया था और मैंने कहा था- 'सौगंध मुझे इस मिट्टी की, मैं देश नहीं मिटने दूंगा, मैं देश नहीं झूकने दूंगा'। आज मैं राजस्थान की धरती से देशवासियों से कहना चाहता हूं- 'जो सिंदूर मिटाने निकले थे, उन्हें मिट्टी में मिलाया है। जो हिंदूस्तान का लहू बहाते थे आज कतरे-कतरे का हिसाब चुकाया है, जो सोचते थे भारत चुप रहेगा आज वह घरों में दुबके पड़े हैं। जो अपने हथियारों पर घमंड करते थे, आज वह मलबे के ढेर में दबे हुए हैं'।