By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 21, 2026
अमेरिका में रहने वाले लेखक रवि हंज को बारहवीं सदी के समाज सुधारक एवं कवि बसवेश्वर का अपनी पुस्तक बसव मंटप में अपमान करने के आरोप में मामला दर्ज होने के बाद शनिवार को कोच्चि हवाई अड्डे पर हिरासत में ले लिया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। बेलगावी के पुलिस आयुक्त प्रकाश निकम ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘बेलगावी पुलिस ने उनके (रवि हंज) खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया था, जिसके आधार पर उन्हें कोच्चि हवाई अड्डे पर हिरासत में लिया गया।’’ उन्होंने बताया कि जरूरी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद हंज को कर्नाटक पुलिस को सौंपा जाएगा क्योंकि बेंगलुरु और बेलगावी में मामले की जांच कर रहे जांचकर्ताओं ने उनके खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किए थे।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, हंज को उस समय हिरासत में लिया गया, जब वह दुबई जाने वाली उड़ान में कथित तौर पर सवार होने की तैयारी कर रहे थे। सूत्रों के अनुसार बेंगलुरु पुलिस की एक टीम कोच्चि रवाना होगी। पुलिस ने बताया कि मामले में लेखक के अलावा पुस्तक के प्रकाशक एवं पत्रकार विश्वेश्वर भट के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है।
कर्नाटक मंत्रिमंडल ने बृहस्पतिवार को ‘बसव मंटप’ पुस्तक को जब्त करने और हंज और कन्नड़ समाचार पत्र के संपादक भट के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मंजूरी दी थी। इसके बाद दोनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। वीरशैव-लिंगायत समुदाय के एक बड़े वर्ग ने बसवेश्वर के कथित अपमान पर नाराजगी जताई थी।
इसके बाद एक साक्षात्कार में समाज सुधारक को कथित तौर पर ‘‘अपमानित करने और उनका अनादर करने’’ के आरोप में हंज के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई थी। यह विवाद साक्षात्कार के सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद शुरू हुआ। बाद में हंज ने इस मामले में माफी भी मांगी थी।
मंत्रिमंडल ने बसवेश्वर के खिलाफ कथित अपमानजनक टिप्पणियों वाले हंज के सभी वीडियो सोशल मीडिया मंचों से हटाने के मुद्दे पर भी चर्चा की थी। इस संबंध में केंद्र सरकार को पत्र लिखने पर सहमति बनी थी।