WTO ने बढ़ाया 2026 में वैश्विक वस्तु व्यापार का अनुमान, 3.9 फीसदी की दर से बढ़ने की संभावना

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 08, 2026

नयी दिल्ली, आठ अक्टूबर विश्व व्यापार संगठन (डब्ल्यूटीओ) ने बृहस्पतिवार को कहा कि 2026 में वैश्विक वस्तु व्यापार की मात्रा 3.9 प्रतिशत बढ़ने का अनुमान है, जबकि मार्च में इसके 1.9 प्रतिशत बढ़ने का अनुमान लगाया गया था। हालांकि, डब्ल्यूटीओ ने कहा कि पश्चिम एशिया में संघर्ष से 2026 में ऊर्जा की ऊंची कीमतों और परिवहन मार्गों में व्यवधान के कारण व्यापार प्रभावित होने की आशंका है। डब्ल्यूटीओ के नवीनतम ‘वैश्विक व्यापार परिदृश्य एवं सांख्यिकी’ के अनुसार, 2027 में वैश्विक वस्तु व्यापार की मात्रा 4.1 प्रतिशत बढ़ने का अनुमान है।

वैश्विक व्यापार में वृद्धि का यह अनुमान भारत के लिए अनुकूल है, जो 2026-27 में वस्तुओं और सेवाओं के निर्यात को एक हजार अरब अमेरिकी डॉलर तक पहुंचाने का लक्ष्य लेकर चल रहा है। डब्ल्यूटीओ के अनुसार, सेवाओं के व्यापार की मात्रा 2026 में 3.3 प्रतिशत बढ़ने का अनुमान है, जो मार्च में लगाए गए 4.8 प्रतिशत के अनुमान से कम है। 2027 में इसके 6.4 प्रतिशत बढ़ने की उम्मीद है।

डब्ल्यूटीओ ने बयान में कहा, ‘‘2026 की पहली छमाही में उम्मीद से बेहतर वस्तु व्यापार वृद्धि को देखते हुए डब्ल्यूटीओ के अर्थशास्त्रियों को अब 2026 में वैश्विक वस्तु व्यापार की मात्रा 3.9 प्रतिशत और 2027 में 4.1 प्रतिशत बढ़ने की उम्मीद है। वहीं, वैश्विक सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) की वृद्धि दर क्रमशः 2.6 प्रतिशत और 2.9 प्रतिशत रहने का अनुमान है।’’ डब्ल्यूटीओ ने कहा कि इस साल एशिया में वस्तुओं के निर्यात की वृद्धि सबसे तेज 9.9 प्रतिशत रहने का अनुमान है। इसके बाद उत्तरी अमेरिका में 5.7 प्रतिशत, अफ्रीका में 5.6 प्रतिशत और दक्षिण अमेरिका में 3.4 प्रतिशत वृद्धि का अनुमान है।

संगठन के अनुसार, यूरोप में निर्यात का प्रदर्शन कमजोर रहने और 0.1 प्रतिशत घटने का अनुमान है। स्वतंत्र देशों के राष्ट्रकुल (सीआईएस) में निर्यात 3.9 प्रतिशत और पश्चिम एशिया में 17.2 प्रतिशत घटने का अनुमान है। यह जारी संघर्ष और उससे जुड़े व्यापार व्यवधानों के असर को दर्शाता है।

आयात के मोर्चे पर एशिया में 9.5 प्रतिशत, अफ्रीका में 8.9 प्रतिशत और सीआईएस में 8.8 प्रतिशत की सबसे तेज वृद्धि का अनुमान है। वहीं, उत्तरी अमेरिका में 1.4 प्रतिशत और यूरोप में 0.5 प्रतिशत की मामूली वृद्धि की संभावना है। पश्चिम एशिया में आयात 15.4 प्रतिशत घटने का अनुमान है।

प्रमुख खबरें

NHRC की दिल्ली पुलिस आयुक्त को नोटिस: जंतर-मंतर पर महिला पत्रकारों से कथित यौन उत्पीड़न मामले में 2 सप्ताह में मांगी रिपोर्ट

दिल्ली में 9 और 10 अक्टूबर को बंद रहेंगी शराब की दुकानें: कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आबकारी विभाग का फैसला, 20 हजार जवान तैनात

सीमापुरी हादसा: मलबे में तब्दील चार मंजिला इमारत, मौतों का आंकड़ा 4 पहुंचा, पास के क्षतिग्रस्त ढांचों को गिराएगा MCD

Jaipur Literature Festival 2026: 20वें संस्करण में Nobel विजेताओं समेत जुटेंगे दिग्गज