BRICS Summit में Xi Jinping की अपील, पश्चिम एशिया में शांति बहाली के लिए आगे आएं सदस्य देश

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Sep 12, 2026

चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने शनिवार को ब्रिक्स को उभरते बाजारों और विकासशील देशों के बीच सहयोग के लिए दुनिया का सबसे प्रभावशाली मंच बताया और कहा कि पश्चिम एशिया में शांति स्थापित करने में इस समूह को अपनी ‘‘उचित भूमिका’’ निभानी चाहिए। सरकारी समाचार एजेंसी ‘शिन्हुआ’ की खबर के अनुसार ब्रिक्स शिखर सम्मेलन को संबोधित करते हुए शी ने कहा कि चीन पश्चिम एशिया और खाड़ी क्षेत्र में शांति एवं स्थिरता कायम करने के लिए ब्रिक्स के सदस्य देशों के साथ मिलकर काम करेगा। उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया और खाड़ी क्षेत्र की स्थिति लगातार बदल रही है और वहां जारी युद्ध ने पूरे क्षेत्र के लोगों को गंभीर नुकसान पहुंचाया है और यह अंतरराष्ट्रीय समुदाय के साझा हितों के अनुरूप नहीं है।

उन्होंने ब्रिक्स देशों से साइबरस्पेस, अंतरिक्ष और गहरे समुद्र के क्षेत्र में वैश्विक शासन व्यवस्था का नेतृत्व करने तथा ‘ग्लोबल साउथ’ की आवाज को और मजबूत करने का आह्वान किया। शी ने कहा कि ब्रिक्स देशों को नवोन्मेषी विकास के साथ-साथ शांति और स्थिरता बनाए रखने में भी अग्रणी भूमिका निभानी चाहिए तथा सभ्यताओं के बीच आपसी समझ को बढ़ावा देना चाहिए। उन्होंने कहा कि सदस्य देशों को वैश्विक शासन व्यवस्था में सुधार पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि इस समूह को अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था को अधिक न्यायसंगत और समानता पर आधारित बनाने की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए तथा मानवता के साझा भविष्य वाले समुदाय के निर्माण के लिए मिलकर काम करना चाहिए। शी शनिवार सुबह यहां पहुंचे। यह पिछले सात वर्ष में उनकी पहली भारत यात्रा है और इसे व्यापार एवं निवेश संबंधों के विस्तार के जरिये द्विपक्षीय संबंधों को सामान्य बनाने के एक महत्वपूर्ण अवसर के रूप में देखा जा रहा है।

शिखर सम्मेलन में शामिल होने आये अन्य नेताओं में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान, दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा, इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो, मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सिसी, मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम, अबू धाबी के युवराज शेख खालिद बिन मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान, इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबी अहमद अली और वियतनाम के प्रधानमंत्री ले मिन्ह हंग शामिल हैं। संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंतोनियो गुतारेस, विश्व व्यापार संगठन (डब्ल्यूटीओ) की महानिदेशक नगोजी ओकोंजो-इवेला, डब्ल्यूएचओ के प्रमुख टेड्रोस अधानोम घेब्रेयसस, न्यू डेवलपमेंट बैंक (एनडीबी) की अध्यक्ष दिल्मा रूसेफ और ‘एशियन इन्फ्रास्ट्रक्चर इन्वेस्टमेंट बैंक’ की प्रमुख जोउ जियायी भी ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भाग ले रही हैं।

प्रमुख खबरें

भाजपा पश्चिम बंगाल में हारी तो Suvendu Adhikari सबसे पहले छोड़ेंगे पार्टी: Abhishek Banerjee

Commonwealth Kabaddi Championship: भारतीय पुरुष और महिला टीमें धमाकेदार जीत के साथ फाइनल में

उत्तर प्रदेश में बारिश प्रभावितों को तुरंत सहायता और किसानों को मुआवजा देने का CM Yogi ने दिया आदेश

Simdega में 15 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म और हत्या का आरोपी युवक गिरफ्तार