फोन पर बातचीत के दौरान शी और पुतिन ने ईरान पर इजराइली हमलों की निंदा की

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jun 20, 2025

चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग और उनके रूसी समकक्ष व्लादिमीर पुतिन ने ईरान पर इजराली हमलों की बृहस्पतिवार कड़ी निंदा की और तत्काल युद्धविराम की घोषणा करने तथा नागरिकों पर हमलों को रोकने की अपील की।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ईरान को चेतावनी और इजराइल द्वारा ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई को निशाना बनाए जाने की धमकी के बीच क्षेत्र में मौजूदा संघर्ष पर शी की यह पहली टिप्पणी है।

रूसी राष्ट्रपति कार्यालय एवं आधिकारिक आवास ‘क्रेमलिन’ ने कहा कि राष्ट्रपति पुतिन और उनके चीनी समकक्ष शी चिनफिंग ईरान-इजराइल युद्ध पर संवेदनशील जानकारी एक-दूसरे को मुहैया करने के लिए सहमत हुए हैं।

क्रेमलिन के विदेश नीति सलाहकार यूरी उशाकोव ने कहा, ‘‘राष्ट्रपति पुतिन और शी चिनफिंग ने फोन पर घंटे भर हुई बातचीत के दौरान अपनी-अपनी एजेंसियों को ईरान के बारे में जानकारी साझा करने के आदेश जारी करने पर सहमति जताई।’’

पिछले हफ्ते इजराइल ने ‘ऑपरेशन राइजिंग लॉयन’ शुरू किया था, जिसमें ईरान के परमाणु, मिसाइल और सैन्य बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया गया। बाद में, ईरान ने भी इजराइल पर जवाबी हमले किए।

बुधवार को रूस और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) ने इजराइल-ईरान युद्ध को तत्काल समाप्त करने और तेहरान के परमाणु मुद्दे का हल करने के लिए राजनीतिक और कूटनीतिक प्रयासों को तेज करने की अपील की थी। क्रेमलिन के अनुसार, राष्ट्रपति पुतिन ने यूएई के अपने समकक्ष मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान के साथ टेलीफोन पर बातचीत के दौरान इस मुद्दे पर चर्चा की।

प्रमुख खबरें

गुजरात आयुर्वेद विश्वविद्यालय में बीएएमएस परीक्षा पेपर लीक मामले की होगी जांच, छात्र संगठनों ने लगाए आरोप

ईरान-अमेरिका युद्ध: युद्ध रोकने की कोशिशों में प्रगति के संकेत, मध्यस्थों को मिली सकारात्मक प्रतिक्रिया

राजस्थान में संविदा पर होगी 24,752 सफाई कर्मचारियों की भर्ती, 15 अगस्त से कर सकेंगे ऑनलाइन आवेदन

गॉडफ्रे फिलिप्स का शुद्ध मुनाफा पहली तिमाही में 44.3 प्रतिशत घटकर 198.39 करोड़ रुपये रहा