चक्रवाती तूफान में बदला ‘यास’, 26 मई को ओडिशा-बंगाल के तटों से गुजर सकता है

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | May 24, 2021

भुवनेश्वर/कोलकाता। बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना गहरे दबाव का क्षेत्र चक्रवाती तूफान ‘यास’ में बदल गया है और इसके अत्यंत भीषण चक्रवाती तूफान में बदलने के बाद 26 मई को ओडिशा-पश्चिम बंगाल के तटों से गुजरने का अनुमान है। मौसम विभाग ने सोमवार को यह जानकारी दी। कोलकाता के क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के उप निदेशक संजीब बंदोपाध्याय ने बताया कि ‘यास’ के 26 मई की दोपहर को पारादीप और सागर द्वीपों के बीच होते हुए ओडिशा-पश्चिम बंगाल तटों से गुजरने का अनुमान है। यह एक बहुत ही भीषण चक्रवाती तूफान होगा जिसमें 155-165 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी।

इसे भी पढ़ें: आईएनएस मकर ने नौका वरप्रदा का पता लगाया, पीड़ितों की तलाश जारी : नौसेना

मौसम विभाग के मुताबिक 26 मई को झारग्राम, पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर, दक्षिण तथा उत्तर 24 परगना, हावड़ा तथा हुगली और कोलकाता में जयादातर जगहों पर हल्का से मध्यम और एक या दो स्थानों पर भारी से ले कर अत्यधिक भारी बारिश होने का अनुमान है। ओडिशा सरकार ने बचाव दलों को तैनात किया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि प्रदेश सरकार संवेदनशील इलाकों से लोगों को निकालने की योजना बना रही है। विशेष राहत आयुक्त पीके जेना ने बताया कि ओडिशा सरकार ने राष्ट्रीय आपदा मोचन बल, ओडिशा आपदा त्वरित कार्रवाई बल और दमकल सेवा कर्मियों को तैनात किया है। उसका अनुमान है कि बालासोर तथा भद्रक जिलों में चक्रवात का बहुत अधिक असर हो सकता है। मौसम विभाग के महानिदेशक डॉ. मृत्युंजय महापात्र ने बताया, ‘‘ओडिशा के चार तटीय जिले बालासोर, भद्रक, केंद्रपाड़ा तथा जगतसिंहपुर इस चक्रवात से सर्वाधिक प्रभावित हो सकते हैं।’’ उन्होंने बताया कि 120-165 प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और ओडिशा में भारी बारिश होगी। जेना ने बताया कि निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाएगा। इसके लिए जिला प्रशासन को योजना बनाने को कहा गया है।

प्रमुख खबरें

Stock Market Update: सेंसेक्स 502 अंक चढ़ा, Nifty ने 24,150 का लेवल किया पार

West Asia में बढ़ते खतरों के बीच जबरदस्त एक्शन में मोदी सरकार, भारतीय नाविकों की सुरक्षा के लिए कर दिया बड़ा ऐलान

Prabhasakshi NewsRoom: AADHAR आयु का प्रमाण नहींः कोर्ट, Passport नागरिकता का प्रमाण नहींः MEA, नागरिक संशय में!

Jagannath Rath Yatra 2026: जाति-धर्म का कोई बंधन नहीं, ऐसे खींचें भगवान का Chariot, जानें Puri के नियम