By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 13, 2026
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को कहा कि प्रदेश में एक जिला-एक उत्पाद (ओडीओपी) और एक जिला-एक व्यंजन (ओडीओसी) की तर्ज पर अब ‘एक जिला-एक कला’ कार्यक्रम को बढ़ावा दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने गोमती नगर स्थित संत गाडगे जी महाराज प्रेक्षागृह में उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी के 63वें स्थापना दिवस समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश का ओडीओपी कार्यक्रम आज धूम मचा रहा है और राज्य का निर्यात दो लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि एक जिला-एक व्यंजन कार्यक्रम में भी अपार संभावनाएं हैं।
योगी ने संस्कृति विभाग और सभी अकादमियों को ‘एक जिला-एक कला’ कार्यक्रम को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के कलाकारों को मंच उपलब्ध कराया जाए और हर जिले की विशिष्ट कला को आगे बढ़ाया जाए, ताकि लोगों को भारतीय संगीत की आध्यात्मिक शक्ति का अहसास हो। मुख्यमंत्री ने संगीत नाटक अकादमी में रिक्त पदों को तत्काल भरने का निर्देश देते हुए कहा कि इसके लिए बोर्ड या समिति बनाकर चयन प्रक्रिया पूरी की जाए।
उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर आयु सीमा में छूट भी दी जाए, लेकिन पद खाली नहीं रहने चाहिए। योगी ने कहा कि भारत की सनातन संस्कृति और लोक कलाओं ने विपरीत परिस्थितियों में भी देश की सांस्कृतिक पहचान को जीवित रखा हालांकि, आजादी के बाद अनेक लोक कलाओं और वाद्ययंत्रों की उपेक्षा हुई। उन्होंने कहा कि संस्कृति की उपेक्षा का अर्थ पहचान के महत्वपूर्ण अध्यायों का समाप्त होना है।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, समारोह में अकादमी की 63 वर्षों की यात्रा पर आधारित लघु फिल्म दिखाई गई और पारंपरिक वाद्ययंत्रों की प्रदर्शनी लगाई गई। इस अवसर पर लोक गायिका मालिनी अवस्थी समेत कला एवं संस्कृति जगत की कई हस्तियां मौजूद थीं।