By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 11, 2026
उत्तर प्रदेश में वर्ष 2017 से पहले सरकारी भर्तियों में भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद और धांधली का बोलबाला होने का आरोप लगाते हुये मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को कहा कि भर्ती आयोगों पर ‘सैफई सिंडिकेट’ और ‘मुन्ना भाईयों’ का कब्जा था। समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर भर्ती प्रक्रिया को प्रभावित करने का आरोप लगाते हुये योगी ने कहा कि पहले परीक्षा कोई देता था और नौकरी का नियुक्ति पत्र किसी और को मिल जाता था। मुख्यमंत्री ने भैया दूज के अवसर पर इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में राजस्व विभाग के 1,146 कनिष्ठ सहायकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए।
इस दौरान मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के तहत 4,300 परिवारों के खातों में 215 करोड़ रुपये की सहायता राशि भी भेजी। योगी ने मुन्ना भाई एमबीबीएस फिल्म का उदाहरण देते हुए कहा कि 2017 से पहले शासन और भर्ती प्रक्रिया में मुन्ना भाई बैठे थे। उन्होंने कहा कि योग्य युवाओं को नौकरी पाने के लिए अदालतों के चक्कर लगाने पड़ते थे।
उन्होंने कहा, ‘‘भर्ती आयोगों पर ’सैफई सिंडिकेट’ का कब्जा था। भ्रष्टाचार के कारण नौकरी पाने के लिये योग्य युवाओं को न्यायालय जाना पड़ता था।’’ सपा प्रमुख अखिलेश यादव का नाम लिए बिना उन्होंने भर्ती सिंडिकेट को लेकर उन पर निशाना साधते हुये कहा कि जिन्हें गिनती नहीं आती, वे शिवपाल यादव को अपना ट्यूटर बना लें। मुख्यमंत्री ने कहा कि गांवों में ज्यादातर विवाद जमीन से जुड़े होते हैं।
इन विवादों को कम करने के लिए अब पुरानी जरीब के बजाय सैटेलाइट आधारित तकनीक से जमीन की पैमाइश कराई जाएगी। इसके लिए सभी तहसीलों में रोवर मशीनें उपलब्ध कराई गई हैं। कुल 445 रोवर मशीनें खरीदी गई हैं।
जून में करीब 70 हजार जमीनों की पैमाइश कराई गई। उन्होंने बताया कि वर्ष 2017 में राजस्व न्यायालयों में 34 लाख मुकदमे लंबित थे, अब तक 37,81,363 मामलों का निस्तारण किया जा चुका है। जून में विशेष अभियान चलाकर नामांतरण के 3,10,056 मामले निपटाए गए।
योगी ने कहा कि मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना में खेतिहर मजदूरों और बटाईदारों को भी शामिल किया गया है। उन्होंने बताया कि सांप और बिच्छू के काटने तथा सांड़ और जंगली जानवरों के हमले से होने वाली दुर्घटनाएं भी योजना के दायरे में हैं। उन्होंने कहा कि अब तक 1,40,196 किसान परिवारों को 5,833.50 करोड़ रुपये की सहायता दी जा चुकी है और सरकार संकट की घड़ी में किसानों के परिवारों के साथ खड़ी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की पहल पर शुरू हुई घरौनी योजना से ग्रामीण परिवारों को आबादी की जमीन का मालिकाना हक मिला है। उन्होंने बताया कि देश की आबादी में उत्तर प्रदेश की हिस्सेदारी 16 प्रतिशत है, जबकि कुल घरौनियों में प्रदेश की हिस्सेदारी 37 प्रतिशत है। योगी ने आरोप लगाया कि वर्ष 2017 से पहले त्योहारों के दौरान दंगे और कर्फ्यू आम बात थी।
सपा की चार सरकारों के कार्यकाल में प्रदेश में 1,500 दंगे हुए। उन्होंने दावा किया कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश में न कर्फ्यू लगा और न ही दंगा हुआ। मुख्यमंत्री के अनुसार, सुरक्षित माहौल के कारण राज्य में निवेश और रोजगार के अवसर बढ़े हैं तथा उत्तर प्रदेश अब देश की तीन प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विभिन्न जिलों के प्रतिभागियों को प्रतीकात्मक रूप से नियुक्ति पत्र सौंपे जबकि अन्य लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक दिए।