Gonda में Yogi Adityanath बोले, कट्टा-बम की जगह UP में बन रहीं ब्रह्मोस और AK-203 राइफलें

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 27, 2026

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को राज्य की पिछली सपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पिछली सरकार की नीतियों ने प्रदेश के सामने पहचान का संकट खड़ा कर दिया था और उनकी सोच केवल ‘कट्टा और बम’ तक ही सीमित थी। मुख्यमंत्री शुक्रवार को गोंडा के शहीद-ए-आजम सरदार भगत सिंह (टॉमसन) माध्यमिक विद्यालय में स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने देवीपाटन मंडल के गोंडा, बहराइच, बलरामपुर व श्रावस्ती के 46,800 छात्र-छात्राओं को टैबलेट वितरित किए और मंच से 20 विद्यार्थियों को डिवाइस सौंपे।

उन्होंने कहा कि यह टैबलेट युवाओं के लिए चलता-फिरता विश्वविद्यालय है। आदित्यनाथ ने कहा कि वे इस टैबलेट पर अपना ‘फ्यूचर स्क्रॉल’ करें। उन्होंने कहा कि ये टैबलेट केवल हाथ की शोभा नहीं बढ़ाएंगे, बल्कि युवाओं को डिजिटल उद्यमी के रूप में स्थापित करेंगे।

आदित्यनाथ ने कहा कि युवा उत्तर प्रदेश का ‘पावर हाउस’ है और इसी की ताकत से प्रदेश ‘बीमारू’ राज्य की फेहरिस्त से निकलकर देश की अर्थव्यवस्था के विकास का इंजन बना है। मुख्यमंत्री ने कहा,‘‘पिछली सरकारों की बुद्धि ‘कट्टा और बम’ से आगे नहीं बढ़ पाई। हमने कट्टा-बम के अवैध ठिकानों को ध्वस्त कर उप्र में दुनिया की सर्वश्रेष्ठ कलाश्निकोव एके-203 राइफल व ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण सुनिश्चित किया।

‘ऑपरेशन सिंदूर’ में एक ब्रह्मोस दागते ही पाकिस्तान बाप-बाप चिल्लाता दिखा।’’ मुख्यमंत्री ने कहा कि अंधविश्वास के कारण पूर्व मुख्यमंत्री नोएडा नहीं जाते थे, जबकि आज नोएडा-यीडा शीर्ष निवेश गंतव्य हैं और देश के 55 प्रतिशत मोबाइल व 60 प्रतिशत इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट उप्र में बन रहे हैं। स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के पहले चरण में प्रदेश के 60 लाख से अधिक युवाओं को टैबलेट व स्मार्टफोन दिए गए। मुख्यमंत्री ने बताया कि आईआईएम लखनऊ के अध्ययन में सामने आया कि इससे तीन करोड़ लोगों को लाभ मिला और वे डिजिटल रूप से सक्षम बने।

दूसरे चरण में 25 लाख टैबलेट वितरण के लक्ष्य के सापेक्ष अब तक कुल 1.49 लाख टैबलेट बांटे जा चुके हैं। 15 नवंबर को लखनऊ के राष्ट्र प्रेरणा स्थल में 53 हजार, 20 नवंबर को गोरखपुर मंडल में 50 हजार से अधिक और 27 नवंबर को देवीपाटन मंडल में 46,800 छात्र-छात्राओं को टैबलेट दिए गए। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘हर वायरल सामग्री सही नहीं होती, इसलिए उसे साझा करने से पहले तथ्य की जांच जरूर करें।

कृत्रिम मेधा (एआई) को सशक्तीकरण का औजार बनाएं, दिमाग पर हावी न होने दें। रील में 30 सेकंड दें, लेकिन रोज 30 मिनट कौशल विकास को दें, क्योंकि कौशल ही वास्तविक जीवन को आकार देगा। एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष के होने वाले सभी युवा ‘युवा साथी ऐप’ से ऑनलाइन मतदाता अवश्य बनें।

विपक्ष पर हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि घोषणापत्र के नाम पर मुंगेरीलाल के सपने दिखाने से विकास नहीं होता, इसके लिए समय, समर्पण और दृष्टिकोण चाहिए। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले नकल, भू, खनन, शराब व वन माफिया हावी थे और पिछली सरकारों की एक ही उपलब्धि थी ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन माफिया’। उन्होंने कहा कि आज नो कर्फ्यू, नो दंगा, उप्र में है सब चंगा’ की स्थिति है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि साढ़े नौ वर्षों में साढ़े नौ लाख से अधिक पारदर्शी नौकरियां दी गईं, जो सपा के चार व बसपा के तीन कार्यकालों में हुई भर्तियों के दोगुने से अधिक हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि लखनऊ के एचसीएल परिसर में 2017 में मात्र 100 कर्मी थे, आज 18 हजार युवा कार्यरत हैं। इनमें 60 प्रतिशत बेटियां हैं जो रात दो बजे भी निडर होकर घर लौटती हैं, क्योंकि अपराधियों को जेल, जहन्नुम या ऑपरेशन लंगड़ा का भय है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2016 में गोंडा सबसे गंदा शहर था और बलरामपुर, श्रावस्ती व बहराइच आकांक्षी जिलों में पिछड़े थे, लेकिन ‘डबल इंजन’ सरकार ने मंडल के विकास के लिए 36 हजार करोड़ रुपये स्वीकृत किए। उन्होंने कहा कि गोंडा व बहराइच में मेडिकल कॉलेज बन चुके हैं और बलरामपुर में मां पाटेश्वरी के नाम पर विश्वविद्यालय का निर्माण हो चुका है तथा पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी जी के नाम पर मेडिकल कॉलेज का निर्माण युद्ध स्तर पर जारी है।

प्रमुख खबरें

National School of Drama बना प्रशासनिक अखाड़ा, संस्कृति मंत्रालय की कार्यशैली पर उठे गंभीर सवाल

IRGC से जुड़े आतंकियों से लेन-देन पर 10 साल की जेल, Australia ने लगाए कड़े प्रतिबंध

Ipoh में Harimau Shakti अभ्यास, Indian Army और मलेशियाई सेना ने शुरू किए संयुक्त ऑपरेशन

Ye Prem Mol Liya Movie Review | 11 साल बाद नए प्रेम के साथ लौटे सूरज बड़जात्या, पितृसत्ता और शादी के नियमों पर छेड़ी नई बहस