By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Aug 11, 2026
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वतंत्रता सेनानी खुदीराम बोस की उनकी पुण्यतिथि पर मंगलवार को श्रद्धांजलि दी। खुदीराम बोस को ब्रिटिश सरकार ने 11 अगस्त 1908 को फांसी दे दी थी। आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर अपने एक संदेश में कहा, ‘‘मां भारती के वीर सपूत, महान क्रांतिकारी खुदीराम बोस की पुण्यतिथि पर विनम्र श्रद्धांजलि।’’ मुख्यमंत्री ने इसी पोस्ट में कहा कि ‘‘बोस ने मातृभूमि की मुक्ति के महायज्ञ में मात्र 18 वर्ष की अल्पायु में स्वयं को समर्पित कर संपूर्ण देश को अंग्रेजों के विरुद्ध जागृत किया और उनका त्याग, तेज और तप प्रत्येक भारतीय को ‘राष्ट्र प्रथम ’ के पथ पर चलने की प्रेरणा देता रहेगा।’’ उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी ‘एक्स’ पर अपने संदेश में कहा, ‘‘देश की स्वाधीनता के महायज्ञ में अपने प्राणों की आहुति देने वाले महान क्रांतिकारी अमर शहीद खुदीराम बोस जी के बलिदान दिवस पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि!’’ उन्होंने कहा कि बोस का सर्वोच्च बलिदान और राष्ट्र के प्रति अगाध प्रेम हर देशवासी के हृदय में सदैव देशभक्ति की अलख जगाता रहेगा।
बोस और उनके साथी प्रफुल्ल चाकी ने उस गाड़ी पर बम फेंका था, जिसमें उन्हें शक था कि ब्रिटिश न्यायाधीश यात्रा कर रहे थे। इस घटना में दो ब्रिटिश महिलाओं की मौत हो गई थी।