By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Sep 17, 2026
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के निर्वाचित प्रतिनिधि के तौर पर जनसेवा में 25 वर्ष पूरे होने को भारत के गांवों के बदलते स्वरूप से जोड़ते हुए कहा कि उनके ‘‘सेवा संकल्प’’ का प्रभाव उन गांवों में देखा जा सकता है, जो अब आत्मनिर्भरता की कहानियां सुना रहे हैं। मोदी के 76वें जन्मदिन पर वाराणसी में सेवा संकल्प अभियान की शुरूआत करत हुए आदित्यनाथ ने कहा कि गुजरात के मुख्यमंत्री से प्रधानमंत्री तक मोदी की यात्रा ने देश को एक ‘‘नये भारत’’ की दृष्टि दी है जो सुरक्षित, और आत्मविश्वास से भरा हुआ है तथा दुनिया के साथ जुड़ने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा, ‘‘25 वर्ष पहले, उसी सेवा-भाव के संकल्प के साथ, गुजरात से मोदी जी ने जो यात्रा शुरू की थी, आज वह ऐसी है कि भारत का शायद ही कोई ऐसा नागरिक होगा जो प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से इस यात्रा का सहभागी न रहा हो।’’ मुख्यमंत्री ने कहा कि सात अक्टूबर को, गुजरात के मुख्यमंत्री के तौर पर (2001 में) शपथ लेने के मोदी के 25 साल पूरे हो जाएंगे।
आदित्यनाथ ने कहा, यह एक ऐसा भारत है जिस पर हम सभी गर्व कर सकते हैं, यह सुरक्षित भारत है। एक ऐसा भारत है, जिसने दुनिया से आंख मिलाकर बात करने के लिए खुद को तैयार किया है। मुख्यमंत्री ने वाराणसी और वडनगर से शुरू होने वाली दोतरफा सेवा यात्रा को मोदी की निजी यात्रा से भी जोड़ा।
उन्होंने कहा कि वडनगर, जहां मोदी का जन्म एक साधारण परिवार में हुआ था, उस यात्रा की शुरुआत का प्रतीक है, जबकि वाराणसी उनके मौजूदा सार्वजनिक जीवन का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि गुजरात और उत्तर प्रदेश से निकलने वाली ये यात्राएं इन दोनों जगहों को जोड़ेंगी और एक भारत, श्रेष्ठ भारत की भावना को बढ़ावा देंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि ये यात्राएं सात अक्टूबर तक चलेंगी और इनमें युवा प्रतिभागी रास्ते में सेवा से जुड़े कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।
उन्होंने कहा, आज हम एक ऐसी यात्रा शुरू कर रहे हैं जो काशी के महत्व को 10 राज्यों तक ले जाएगी और वडनगर की यात्रा को भी उन राज्यों तक पहुंचाएगी। आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री मोदी को उनके जन्मदिन पर बधाई भी दी और बाबा विश्वनाथ, मां गंगा और मां अन्नपूर्णा से उनके अच्छे स्वास्थ्य और लंबी आयु की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का मकसद मोदी के सेवा संकल्प को आगे बढ़ाना और 2047 तक आत्मनिर्भर और विकसित भारत के लक्ष्य में योगदान देना है।
मुख्यमंत्री ने यात्रा में शामिल होने वाले युवा प्रतिभागियों को भी बधाई दी।